बस्तर में फिर पकड़ाया 50 लाख रुपए का गांजा

Chhattisgarh Crimes

जगदलपुर। सुकमा जिले की पुलिस ने रविवार को गांजा तस्करी करते हुए 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर महाराष्ट्र से ट्रक में लगभग 546.170 किलो गांजा छिपा कर ला रहे थे। तोंगपाल थाना के जवानों व CRPF 227 G कंपनी के जवानों ने घेराबंदी कर तस्करों को पकड़ा है। इनके पास से बरामद किए गए गांजा की कीमत लगभग 50 लाख रुपए बताई जा रही है। इधर, कोंडागांव जिले के फरसगांव में भी पुलिस ने 1 लाख 50 हजार रुपए का 30 किलो गांजा बरामद किया है। हालांकि तस्कर पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।

Chhattisgarh Crimes

जानकारी के मुताबिक, तोंगपाल पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए गांजा तस्कर राजेश (28) व गजानंद भगत (50) ये दोनों महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। आरोपी अपनी ट्रक में लोहे की जालियों के बीच में पॉलीथिन के नीचे गांजा की एक बड़ी खेप छिपा कर छत्तीसगढ़ ला रहे थे। जिसकी सूचना तोंगपाल पुलिस को मिली थी। वहीं इलाके में तैनात CRPF व थाना के जवानों के द्वारा इलाके में नाकेबंदी की गई थी। यहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी भी ली गई। इस बीच एक ट्रक यहां से गुजर रही थी। जिसे जवानों ने रुकवाया और तलाशी ली। जिसमें 546.170 किलो गांजा बरामद किया गया। जवानों ने तस्करों को फौरन गिरफ्तार कर लिया है।

कार में छिपा ओडिशा से ला रहा था 30 किलो गांजा

गांजा तस्करी का दूसरा मामला कोंडागांव जिले का है। यहां एक तस्कर अपनी लग्जरी कार में ओडिशा से लगभग 1 लाख 50 हजार रुपए का 30 किलो गांजा छिपाकर ला रहा था। कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना के जवानों ने वाहनों की चेकिंग के दौरान उसे रुकवाने की कोशिश की। लेकिन, तस्कर ने अपनी कार को नहीं रोका और रायपुर की तरफ कार भगाने लगा। पुलिस ने कार का पीछा भी किया। कुछ दूरी पर जाने के बाद तस्कर कार को छोड़ कर घने जंगल में भाग खड़ा हुआ। कार की तलाशी लेने पर जवानों ने 30 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस तस्कर की तलाश में जुटी है।