गरियाबंद कलेक्टर ने राजिम मेला नवीन स्थल और लक्ष्मण झूला का किया अवलोकन

Chhattisgarh Crimes

गरियाबंद। कलेक्टर निलेश क्षीरसागर ने गुरूवार की शाम राजिम क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राजिम मेला नवीन स्थल और लक्ष्मण झूला का निरीक्षण किया। साथ ही ग्राम कोमा में धान खरीदी केन्द्र और ग्राम किरवई में गौठान का निरीक्षण किया। क्षीरसागर ने राजिम के पंडित सुंदरलाल शर्मा वाचनालय का भी आकस्मिक अवलोकन करते हुए जानकारी ली।

कलेक्टर क्षीरसागर ने त्रिवेणी संगम राजिम के तट पर लगने वाले राजिम माघी पुन्नी मेला के लिए स्थायी रूप से चयनित 54 एकड़ जमीन के लेबलिंग कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास होगा की नये मेला स्थल पर मेला का आयोजन किया जाए। इस संबंध में पर्याप्त तैयारी के निर्देश दिये हैं। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजिम को लेबलिंग सहित रोड़ चौड़ीकरण व अन्य कार्यो के लिए निर्देश दिये है।

ज्ञात है कि यहां श्रद्धालुओं के लिए शौचालय सहित अन्य सुविधाएं विकसित किया जायेगा। साधुओं के लिए स्थायी रूप से आश्रम बनाये जायेंगे। उन्होंने लक्ष्मण झूला का भी अवलोकन किया और उसे आगामी माघी पुन्नी मेला में खोलने के संबंध में तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान राम वनगमन पथ अंतर्गत स्वागत द्वारा बनाये जाने हेतु भी दिशा निर्देश दिये गये। राजिम के पंडित सुंदरलाल शर्मा वाचनालय पहुंचकर कलेक्टर ने वहं रखे साहित्य का अवलोकन किया। यहां उन्होंने वाचनालय के जीर्णोद्धार और उसे सुव्यस्थित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि यह वाचनालय राजिम एवं गरियाबंद जिले के लिए ज्ञान एवं अध्ययन का महत्वपूर्ण केन्द्र है। इसे संजोने और संरक्षित करने की आवश्यकता है। अ

वलोकन के दौरान श्रीमती पदमा दुबे ने वाचनालय से संबंधित जानकारी साझा की। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी श्री अविनाश भोई, तहसीलदार श्री आशीष अनुपम टोप्पो, पीडब्ल्यूडी एसडीओ अवधेश ठाकुर मौजूद थे।

कलेक्टर ने ग्राम कोमा स्थित धान खरीदी केन्द्र का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी 1 दिसम्बर से राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी के संबंध में निर्देश दिये। कहा कि चबुतरे की सफाई, इलेक्ट्रॉनिक तौल, ड्रेनेज, तिरपाल आदि की समुचित व्यवस्था पूर्व से कर लिया जाए। उन्होंने प्रबंधक को टोकन और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी निर्देश दिये। तत्पश्चात कलेक्टर द्वारा ग्राम किरवई स्थित गौठान का निरीक्षण किया गया। उन्होंने यहा वर्मी कम्पोस्ट तथा गोबर खरीदी की जानकारी ली। इस दौरान जनपद सीईओ नरसिंग ध्रुव भी मौजूद थे।