सिक्किम के नाथुला में एवलांच से भारी तबाही, 6 टूरिस्ट की मौत; 150 लोगों के फंसे होने की खबर

Chhattisgarh Crimes

गंगटोक। सिक्किम में हिमस्खलन से जबरदस्त तबाही की खबर है। नाथूला बॉर्डर के पास कुदरत का ये कहर टूटा है। नाथू ला पहाड़ी दर्रे में आज भारी हिमस्खलन से 6 पर्यटकों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए हैं। मरने वालों में चार पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है। हिस्खलन के बाद कई पर्यटकों के बर्फ में फंसे होने की आशंका है जिसके बाद बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद है। सिक्किम पुलिस के साथ-साथ स्थानीय लोग भी बर्फ में दबे लोगों के सर्च ऑपरेशन में मदद कर रहे हैं।

बिना परमिशन के 15वें मील की ओर चले गए टूरिस्ट

बता दें कि यह घटना दोपहर करीब 12:20 बजे गंगटोक को नाथुला दर्रे से जोड़ने वाले जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर हुई है। जहां पर हादसा हुआ, वहां जाने के लिए एक पास जारी होता है। यह पास 13वें मील के लिए जारी किए जाते हैं, लेकिन टूरिस्ट बिना परमिशन के 15वें मील की ओर चले गए। यह घटना 15वें मील में ही हुई है।

150 से ज्यादा पर्यटक फंसे

पुलिस के अनुसार, 150 से ज्यादा पर्यटक अभी भी 15 मील से आगे फंसे हुए हैं। इस बीच, बर्फ में फंसे 30 पर्यटकों को बचा लिया गया है और उन्हें गंगटोक के एसटीएनएम अस्पताल और सेंट्रल रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।