75 फीट ऊंची टंकी पर चढ़े युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा : शादीशुदा शख्स गर्लफ्रेंड से बोला- मेरे साथ चल, नहीं तो जान दे दूंगा

Chhattisgarh Crimes

सरगुजा। शोले फिल्म में जिस तरह वीरू प्यार की खातिर पानी की टंकी पर चढ़ गया था। ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से सामने आया है। यहां पर एक युवक प्रेम प्रसंग के चलते पानी की टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की कोशिश की, घंटो तक युवक का हाईविल्टेज ड्रामा चलता रहा। शादीशुदा युवक 75 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया और हाईवोल्टेज ड्रामा करने लग गया। वहां चढ़कर वह बार-बार लड़की से कहता रहा कि मेरे साथ चल नहीं तो मैं जान दे दूंगा। इसके बाद उसे काफी समझाया गया, तब जाकर वह शांत हुआ और नीचे उतरा है। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है।

गोविंदपुर निवासी श्यामलाल कोरवा(25) की शादी हो चुकी है। मगर उसका किसी और लड़की से भी प्रेम प्रसंग चल रहा है। इस वजह से युवक उसके साथ रहना चहता था, लेकिन लड़की ने उसके साथ जाने से मना कर दिया था। इस बीच सोमवार को वह ग्राम पहाड़ चिरगां पहुंच गया और एक टंकी के पास पहुंचकर हल्ला करने लग गया था।

टंकी के पास पहुंचकर उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। कहा-तुम मेरी बात नहीं मान रही हो। मैं आज ही जान दे दूंगा। वह चीखते-चिल्लाते हुए पानी की टंकी पर चढ़ गया। टंकी पर चढ़कर भी उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। बोला-मैं कूद रहा हूं, ठीक है तुम मत सुनो मेरी बात।

2 घंटे बाद नीचे उतरा

इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नीचे से ही युवक को समझाना शुरू किया, लेकिन वह नहीं मान रहा था। फिर पुलिस ने उससे बार-बार कहा कि तुम नीचे उतर जाओ, बात कर लेते हैं। हम लड़की को भी बुला दे रहे। बात कर लो, वह राजी हो जाए तो ले जाना। लड़की भी मौके पर मौजूद थी ऐसा करीब 2 घंटे तक चलता रहा। जिसके बाद युवक माना और नीचे उतरा है। अब घटनाक्रम के अगले दिन मंगलवार को इसे पूरे मामले का वीडियो वायरल हो रहा है।

Exit mobile version