रायपुर। सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद भी प्रदेश में अवैध रेत का खेल रुकने का नाम नही ले रहा है। राजधानी रायपुर के मुहाने से गुजरने वाली महानदी की कई खदानें भी अवैध तरीके से संचालित हो रही है। कुम्हारी गांव में इसका खुलासा बीती रात उस समय हुआ जब रेत से भरे एक हाइवा ने बाइक सवार दो लोगो को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत से अस्पताल में जंग लड़ रहा है। घटना रात तकरीबन 7 से 8 बजे के बीच की है। मेन चौक पर हुई इस घटना से ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हाइवा को रोककर हंगामा शुरू कर दिया। हादसे की जानकारी आसपास गांवो में आग की तरह फैल गयी। देखते ही देखते मौके पर लोगो की भारी भीड़ जमा हो गयी। कई स्थानी जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई। ग्रामीण मुआवजा राशि मिलने के बाद ही लाश उठाने की जिद्द पर अड़े रहे।
कुम्हारी के पूर्व सरपंच और जनपद सदस्य किशोर साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में गौरघाट निवासी नेतराम पटेल की मौके पर ही मौत हो गयी। उसके साथी बनचरौदा निवासी शांति साहू गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों का हंगामा देर रात तक जारी रहा। प्रशासन द्वारा प्रारंभिक मुआवजा राशि देने के बाद ही ग्रामीणों ने मौके से लाश को उठाने दिया।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि कुम्हारी और गौरघाट रेत खदान में बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन हो रहा है। रात में भी रेत की निकासी हो रही है। हाइवा चालक दिन रात गांवो से गुजरने वाली सड़को पर तेज गति से वाहन दौड़ा रहे है। बीती रात हुई घटना भी इसी का नतीजा है। जनपद सदस्य किशोर साहू ने बताया कि अवैध रेत खदान संचालित होने की जानकारी उसके द्वारा सप्ताहभर पहले जिले के उच्चाधिकारियों को दी गयी थी। मगर अधिकारियों ने कोई ध्यान नही दिया। श्री साहू ने अवैध रेत उत्खनन में उच्चाधिकारियों की मिलीभगत से भी इंकार नही किया है।