ज्यादा खा रहे हैं कच्चा आम तो जान लें ये बातें, सेहत पर पड़ सकता है बुरा असर

Chhattisgarh Crimes

गर्मी आते ही बाजार में कच्चा और पका दोनों तरह के आम मिलना शुरू हो जाते हैं। कई लोगों को कच्चा आम खाना पसंद होता है तो कुछ लोग खूब चटकारे लगाकर कच्चा आम भी खाते हैं। कुछ लोग कच्चे आम को नमक या फिर चटनी के साथ खाते हैं तो कुछ ऐसे ही उसे खाना पसंद करते हैं। कच्चे आम में एंटी ऑक्सीडेंट्स, फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम, फॉस्फोरस, पोटैशियम, जिंक, विटामिन ए और सी होता है। कच्चा आम सेहत के लिए अच्छा होता है तो कुछ लोगों को इसे खाने से बचना भी चाहिए। ऐसा ना करना उनकी सेहत पर भारी पड़ सकता है। जानिए किन लोगों को कच्चा आम खाने से परहेज करना चाहिए और इससे उन्हें क्या नुकसान हो सकता है।

हो सकता है पेट खराब

कई लोगों को कच्चा आम खाना इतना ज्यादा अच्छा लगता है कि वो एक बार में एक से ज्यादा इसे खा लेते हैं। अगर आप भी कुछ ऐसा ही करते हैं तो सतर्क हो जाइए। ज्यादा कच्चा आम खाने से आपका पेट खराब हो सकता है। इसके साथ ही पेट फूलने, पेट में दर्द और ऐंठन की दिक्कत का भी सामना करना पड़ सकता है।

होती है गरम तासीर

किसी भी चीज की अधिकता सेहत के लिए नुकसानदायक होती है। कच्चे आम की तासीर गरम होती है। इसे खाने से शरीर में गर्मी बढ़ती है। इसलिए इसका सेवन दिन में एक से ज्यादा करना सेहत के लिए हानिकारक होता है।

लो ब्लड शुगर वाले ध्यान से खाएं

कुछ लोगों का ब्लड शुगर लेवल लो रहता है। ऐसे में कच्चा आम खाने से उनका ब्लड शुगर लेवल और भी कम हो सकता है। ऐसे में जिन लोगों को लो ब्लड शुगर की दिक्कत है वो इसका सेवन सोच समझ कर ही करें।