
कोंडागांव। बुधवार सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम होनहेड़ के आसपास सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने टिफिन बम लगाया है। पुलिस अधीक्षक कोंडागांव सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल आपरेशन शोभराज अग्रवाल के मार्गदर्शन में नक्सल विरोधी अभियान जिले में चलाया जा रहा है।
तत्काल पुलिस की टीम को बम निरोधक दस्ते के साथ ग्राम होनहेड़ रवाना किया गया था। जहां ग्राम होनहेड़ और उपर मुरवेंड रोड को बारीकी से जांच की गई। नक्सलियों ने उपर मुरवेंड और होनहेड़ के बीच पक्की सड़क पर लगभग 10 फीट नीचे सुरंग बनाकर टिफिन बम लगाई गई थी। घटना स्थल से 15 किलोग्राम और 20 किलोग्राम की दो टिफिन बम के साथ दो डेटोनेटर,100 मीटर कार्डेक्स वायर और 10 मीटर सामान्य वायर बरामद किया गया।
समय पर पता नहीं चलता हो सकता था बड़ा हादसा
अक्सर नक्सली कम क्षमता का टिफिन बम लगाते हैं। हालांकि इसके चपेट में आने से जवानों को नुकसान होता है। वहीं कई बार ग्रामीण भी इसके चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं। इस बार नक्सलियों ने अधिक क्षमता का टिफिन बम लगाया था। कैंप से सीआरपीएफ के जवान स्थानीय पुलिस के साथ गश्त पर निकलते हैं। जवानों के मूवमेंट की जानकारी लगने के बाद ही नक्सली रास्ते में टिफिन बम लगाते हैं। कई बार दूर बैठ कर जवानों के आने-जाने के समय विस्फोट कर देते हैं।