रायपुर में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा- जनता ऊब चुकी है इस खाऊ सरकार से

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार काे देश की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया। उन्होंने कहा कि जनता ऊब चुकी है इस खाऊ सरकार से। जिस तरह से कांग्रेस ने सभी संसाधनों को लूटा है और इस ऐसी हालत कर दी है कि जो छत्तीसगढ़ बहुत आगे जा सकता था उसको पीछे की ओर धकेला है। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर रायपुर पहुंचे। बस्तर में होने वाली चुनावी सभा में शामिल होने बीजापुर रवाना हुए। मगर इससे पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में छत्तीसगढ़ कांग्रेस को लेकर बयान दिया।

अनुराग ठाकुर ने दावा किया है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के प्रति माहौल है। उन्होंने कहा- प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में चुनावी माहौल बना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जो छत्तीसगढ़ के विकास के लिए केंद्र की ओर से सहायता दी है एक के बाद दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट दिया है, ये इसके पीछे का कारण है।

ठाकुर ने आगे कहा- भाजपा की सरकार ने छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए 1 लाख करोड़ से ज्यादा धान की खरीद के लिए उपलब्ध कराए हैं। जनता त्रस्त है साम्प्रदायिक तुष्टिकरण से। देश भर में अगर सबसे भ्रष्ट सरकार कहीं पर है तो छत्तीसगढ़ में है। यह खाऊ सरकार जो दिल्ली के अपने नेताओं के लिए एटीएम बन गई है।

भाजपा ने सबका विकास किया

केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ सबका विकास इसी मूल मंत्र के साथ काम करती है। देश में चार करोड़ गरीबों को पक्के मकान मिले। करोड़ों बहनों को रसोई गैस और सिलेंडर मुफ्त में मिला। 12 करोड़ शौचालय बने, 13 करोड़ घरों में नल से जल मिला।

60 करोड़ लोगों को 5 लाख का इलाज मुफ्त में मिला और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया गया, 220 करोड़ वैक्सीन मुफ्त में लगी। यह किसी की जाति या धर्म देखकर नहीं दिया गया, गरीब और जरूरतमंद को उसका हक PM नरेंद्र मोदी ने दिया है।

75 पार पर जवाब

कांग्रेस लगातार 75 पार का दावा कर रही है। इसे लेकर रायपुर में ठाकुर ने कहा- आगे आगे आगे देखिए नतीजे बताएंगे कि छत्तीसगढ़ की जनता खाऊ सरकार से मुक्ति चाहती है, और छत्तीसगढ़ को बचाना चाहती है।

पिछली बार किया था भू-पे क्यूआर कोड लॉन्च

6 अक्टूबर को भी अनुराग ठाकुर रायपुर आए थे। तब उन्होंने यहां केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने एक कार्यक्रम में क्यूआर-कोड लॉन्च किया है। भाजपा का दावा है कि इस कोड को मोबाइल पर स्कैन करते ही कांग्रेस के भ्रष्टाचार की लिस्ट सामने आ जाएगी। बीजेपी ने इसका नाम ‘भू-पे’ रखा है। इस कार्यक्रम में ठाकुर ने कहा था कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं और अधिकारियों ने मिलकर भ्रष्टाचार किया है। भ्रष्टाचार के पैसे को भू-पे करते रहे। जनता को लूटने का काम करते रहे। अगर भू-पे नहीं किया होता तो ये पैसा छत्तीसगढ़ की जनता और प्रदेश के विकास में काम आता।