भारत ने दूसरे टी20 मैच में श्रीलंका को 7 विकेट से हराया, सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। भारत ने दूसरे टी-20 मैच में श्रीलंका को सात विकेट से हरा दिया है। जीत के लिए 184 रन के टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 186 रन बना लिए। श्रेयस अय्यर ने नाबाद 74 (44 गेंद) और रवींद्र जडेजा ने नाबाद 45 (18 गेंद) रन बनाए। संजू सैमसन ने 39 रन की पारी खेली।

टी-20 इंटरनेशनल में यह भारत की लगातार 11वीं जीत है। अब भारत वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी से सिर्फ 1 जीत है। अफगानिस्तान ने लगातार 12 टी-20 मैच जीते हैं। भारत ने घरेलू जमीन पर इस फॉर्मेट में लगातार सातवीं सीरीज अपने नाम की है।

इससे पहले श्रीलंका ने टॉस हारकर पहले खेलते हुए 183/5 का स्कोर बनाया था। ओपनर पाथुम निसंका (75) टॉप स्कोरर रहे, जबकि कप्तान दासुन शनाका ने 47 रन की नाबाद पारी खेली। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा, हर्षल पटेल और भुवनेश्वर कुमार ने 1-1 विकेट लिया।

टारगेट का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में दुष्मंता चमीरा ने कप्तान रोहित शर्मा (1) को बोल्ड कर दिया। पिछले मैच के हीरो ईशान किशन 16 रन बनाकर लाहिरु कुमारा की गेंद पर आउट हुए। तीसरे विकेट के लिए श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन ने 47 गेंदों पर 84 रन जोड़कर पारी को संभाल लिया। सैमसन 25 गेंदों पर 39 रन बनाकर बिनुरा फर्नांडो की गेंद पर आउट हुए।

Exit mobile version