कमलप्रीत ने जगाई पदक की उम्मीद, वंदना कटारिया की हैटट्रिक से महिला हॉकी टीम ने मारी बाजी

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। भारत ने तोक्यो ओलिंपिक में अभी तक एक पदक अपने नाम किया है। 24 वर्षीय भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने महिला मुक्केबाजी के सेमीफाइनल में पहुंचकर कांस्य पदक पक्का कर लिया है। शनिवार को चक्का फेंक एथलीट कमलप्रीत कौर ने धमाकेदार प्रदर्शन कर फाइनल के लिए स्वत: क्वालीफाई किया वहीं अनुभवी सीमा पूनिया ने निराश किया। सीमा फाइनल में पहुंचने में असफल रहीं।

महिला हॉकी में भारत ने साउथ अफ्रीका को 4-3 से हराया

भारतीय महिला हॉकी टीम ने तोक्यो ओलिंपिक खेलों में दूसरी जीत दर्ज की है। रानी रामपाल की अगुआई वाली भारतीय टीम ने शनिवार को साउथ अफ्रीका को 4-3 से हराकर क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखी है। भारत की ओर से वंदना कटारिया ने तीन गोल दागे।

कमलप्रीत ने जगाई उम्मीदें

भारत की महिला डिस्कस थ्रो एथलीट कमलप्रीत कौर ने महिलाओं की चक्काफेंक स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। कमलप्रीत कौर ने आखिरी प्रयास में 64.00 मीटर की दूरी का थ्रो किया। दूसरी ओर अनुभवी सीमा पूनिया बाहर हो गईं। कमलप्रीत कौर ने अपने दूसरे प्रयास में 63.97 मीटर की दूरी का थ्रो किया। कमलप्रीत कौर ने सोमवार को होने वाले फाइनल के लिए उम्मीदें जगा दी हैं। वह भारत की पहली महिला डिस्कस थ्रोअर हैं जिन्होंने 65 मीटर से ऊपर थ्रो किया है। उन्होंने फेडरेशन कप में ऐसा किया था। उन्होंने इंडियन ग्रां प्री4 में 66.59 मीटर थ्रो फेंककर अपना ही रेकॉर्ड तोड़ दिया था।