रायपुर के वीआइपी रोड पर युवक-युवतियों के बीच चले लात-घूंसे

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में वीआइपी रोड पर एक होटल के सामने युवक-युवतियों के बीच आधी रात जमकर लात-घूंसे चले। तेलीबांधा थाने में किसी पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। पुलिस के पास वीडियो मिला है, जिसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में समय पर होटल, रेस्टोरेंट बंद करवा दिए जाते हैं। वायरल वीडियो के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Chhattisgarh Crimes

वायरल वीडियो में कुछ युवक और युवतियां विवाद कर रहे हैं। एक-दूसरे से गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक युवती नीचे गिरी गई है, जिसे युवक लात-घूंसे से मार रहा है। युवती भी युवकों से मारपीट कर रही है। इसके बाद युवक मौके से फरार हो गए।

Chhattisgarh Crimes

मामला शनिवार की देर रात का बताया जा रहा है। यह घटना होटल ग्रैंड इंपीरिया के ठीक बाहर का बताया जा रहा है। इसमें लड़के लड़कियों के दो गुट आपस में एक दूसरे को पीट रहे हैं। इस मारपीट में कुछ लड़के लड़कियों को चोटें भी आई हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पार्टी करके लौट रहे लड़के लड़कियों का यह ग्रुप आपस में झगड़ने लगा। कुछ लड़कों ने नशे की हालत में लड़कियों से बदसलूकी की। लड़कियों ने भी इसके बाद ताबड़तोड़ वार कर दिया। कुछ स्थानीय लोगों ने इस बात की जानकारी पुलिस पेट्रोलिंग टीम को भी दी। हालांकि पुलिस को देख हड़बड़ा कर सभी लड़के लड़कियां भाग निकले। किसी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज नहीं करवाई।

जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया तो पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे। किरकिरी होती देख, देर रात पुलिस ने इस मामले में धारा 160 के तहत अज्ञात युवक-युवतियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। रायपुर पुलिस का दावा है कि इस मामले में शिकायत करने कोई भी सामने नहीं आया। इसलिए स्वत: संज्ञान लेते हुए अनजान लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर इस मामले की छानबीन की जा रही है। अब पुलिस होटल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करते हुए इस बवाल में शामिल लड़के लड़कियों का पता लगाएगी जो फिलहाल फरार हैं।