रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया है। किरण सिंहदेव को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। किरण सिंहदेव बस्तर के जगदलपुर से विधायक हैं। अब तक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी अरुण साव के पास थी। बीजेपी सरकार बनते ही अरुण साव को डिप्टी सीएम बनाया गया है। नई सरकार में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद से ही संगठन में फेरबदल की चर्चा थी, लेकिन यह फेरबदल मंत्रिमंडल के गठन से पहले ही हो गया। प्रदेश के महामंत्री भी जल्द ही बदले जा सकते हैं।
इस बार सामान्य वर्ग को मौका
किरण सिंहदेव सामान्य वर्ग से आते हैं। इससे पहले आदिवासी और ओबीसी को अध्यक्ष के रूप में मौका दिया गया। आदिवासी अध्यक्ष के रूप में नंदकुमार साय, विष्णुदेव साय के अलावा विक्रम उसेंडी रह चुके हैं। वहीं ओबीसी वर्ग से धरमलाल कौशिक और अरुण साव प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। इससे पहले सामान्य वर्ग से डॉ. रमन सिंह बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।
महामंत्री भी बदले जाएंगे
प्रदेश अध्यक्ष के बाद अब बीजेपी के महामंत्री भी बदले जाएंगे। विजय शर्मा कैबिनेट में शामिल हो चुके हैं, ओपी शर्मा के शामिल होने की चर्चा है। दोनों ही महामंत्री हैं, ऐसे में इन दोनों में भी बदलाव होगा।
2023 चुनाव में जगदलपुर से जीते किरण
61 साल के किरण सिंह देव जगदलपुर से चुनाव जीते हैं। इससे पहले वे जगदलपुर के ही महापौर भी रहे हैं। पेशे से वकील किरण सिंहदेव ने जनता युवा मोर्चा से राजनीति की शुरुआत की थी। 2023 में पहली बार बीजेपी से टिकट मिला और उन्होंने 29 हजार 834 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।