गुजरात के मोरबी में केबल पुल टूटने से कई लोग नदी में गिरे, अब तक 91 लोगों की मौत

Chhattisgarh Crimes

मोरबी। गुजरात के मोरबी में रविवार शाम करीब 6.30 बजे केबल सस्पेंशन ब्रिज टूटने से करीब 400 लोग मच्छु नदी में गिर गए। हादसे में 91 लोगों की मौत हुई है। इनके शव मोरबी के सिविल हॉस्पिटल में पहुंचा दिए गए हैं। मरने वालों में 50 से ज्यादा महिलाएं और बच्चे हैं। जबकि, 70 से ज्यादा लोग घायल हैं। 100 लोगों की तलाश अभी भी जारी है। पीएम नरेंद्र मोदी इस समय केवड़िया में हैं, बताया जा रहा है कि वे भी मोरबी जाएंगे। हादसे के कारणों की जांच के लिए 5 सदस्यीय SIT बनाई गई है।

बता दें कि यह पुल पिछले 6 महीने से बंद था। हाल ही में करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से इसके मरम्मत का काम पूरा किया गया था। दिवाली के एक दिन बाद यानी 25 अक्टूबर को इसे आम लोगों के लिए खोला गया था। जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर (02822243300) जारी किया है। इसके अलावा घायलों के इलाज के लिए मोरबी और राजकोट हॉस्पिटल में इमरजेंसी वार्ड बनाया गया हैगुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल घटनास्थल पर पहुंचे।

 

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवार के लिए 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है। सीएम ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और मोरबी के लिए रवाना हो गए हैं।

यह पुल करीब 100 साल पुराना बताया जा रहा है और कुछ दिन पहले ही इसकी मरम्मत कराई गई थी। मरम्मत के बाद 5 दिन पहले ही इसे आम जनता के लिए फिर से खोला गया था।

पीएम मोदी ने गुजरात के सीएम से की बात, मुआवजे का भी किया ऐलान

वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों ने मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में बात की है। उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने, स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने को कहा है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी हादसे में जान गंवाने वालों में से प्रत्येक के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

मोरबी पुल हादसे के शिकार लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं एवं प्रार्थनाएं : मुर्मू

वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि उनकी संवेदनाएं एवं प्रार्थनाएं गुजरात के मोरबी में पुल हादसे में प्रभावित लोगों के साथ हैं। उन्होंने साथ ही उम्मीद जताई कि राहत और बचाव के प्रयासों से पीड़ितों को राहत मिलेगी। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ”गुजरात के मोरबी में हुई त्रासदी ने मुझे चिंतित कर दिया है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। राहत और बचाव प्रयासों से पीड़ितों को राहत मिलेगी।”

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि मोरबी में सस्पेंशन ब्रिज गिरने की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मैं इस संबंध में जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं। पटेल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भी मुझसे मोरबी हादसे के बारे में बात कर स्थिति की जानकारी ली है। पीएम ने पूरी स्थिति और बचाव कार्यों की निरंतर निगरानी के संबंध में सिस्टम को आवश्यक निर्देश और मार्गदर्शन दिया है।

मृतकों के लिए 4 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री के साथ आगे के कार्यक्रमों को छोटा करके जल्द गांधीनगर पहुंच रहा हूं। राज्य के गृर मंत्री को मौके पर पहुंचने और बचाव कार्यों का मार्गदर्शन करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ समेत जवानों को बचाव कार्य में लगाया गया है। मैं मोरबी त्रासदी में अपनी जान गंवाने वाले नागरिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। राज्य सरकार प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देगी।

एनडीआरएफ मौके पर पहुंच रही

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोरबी में हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। इस विषय में मैंने गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी व अन्य अधिकारियों से बात की है। स्थानीय प्रशासन पूरी तत्परता से राहत कार्य में लगा है, NDRF भी शीघ्र घटनास्थल पर पहुंच रही है। प्रशासन को घायलों को तुरंत इलाज देने के निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है। केजरीवाल ने कहा कि गुजरात से बेहद दुःखद खबर मिल रही है। मोरबी में ब्रिज टूट जाने से कई लोगों के नदी में गिर जाने की खबर है। भगवान से उनकी जान और स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं।”

वहीं, मोरबी के विधायक और राज्य मंत्री बृजेश मेरजा ने कहा कि पुल गिरने से कई लोग नदी में गिर गए। बचाव अभियान जारी है। ऐसी खबरें हैं कि कई लोग घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब यह पुल टूटा इस झूलते पुल पर कई महिलाएं और बच्चे थे।