*मैनपुर के राजापड़ाव में सोढूर नदी पर पुलिया की मांँग, बरसात में थम जाती है जिंदगी*
*पूरन मेश्राम / मैनपुर।* विकासखंड मुख्यालय मैनपुर से लगभग 35 किमी के दूरी पर बसा सुदूर वनांँचल गौरगाँव क्षेत्र के लोगों की जिंदगी आज भी एक नदी के भरोसे चल रही है। ग्राम पंचायत गौरगाँव से महज डेढ़ किलोमीटर दूर सोढूर नदी बहती है। नदी पार करते ही उड़ीसा की सीमा शुरू हो जाती है।इधर छत्तीसगढ़, उधर उड़ीसा। शादी-ब्याह, इलाज, बाजार, खेती-किसानी हर काम के लिए दोनों तरफ के लोगों को इसी नदी को पार करना पड़ता है। लेकिन बरसात आते ही यही नदी यमराज बन जाती है।
*बरसात में बंद हो जाता है रास्ता*
ग्रामीणों का कहना है,बरसात में नदी में बाढ़ आ जाती है। पानी घुटने से ऊपर बहने लगता है। उस समय न कोई उड़ीसा जा पाता है, न कोई छत्तीसगढ़ आ पाता है। बीमार व्यक्ति को इमरजेंसी में उडीसा राज्य के अस्पताल ले जाना हो तो लोग जान हथेली पर रखकर नदी पार करते हैं। कई बार मरीज को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
*कई बार आवेदन, फिर भी पुलिया नहीं*
राजापड़ाव क्षेत्रवासियों ने सोढूर नदी पर पुलिया बनाने के लिए कई बार शासन-प्रशासन को आवेदन दिया। हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, पुलिया आज तक नहीं बन पाई।
*ग्रामीणों का सवाल – जब वहां बन सकता है तो यहां क्यों नहीं*
ग्रामीणों ने कहा सुनने मे आया है,शोभा और शुक्ला भाँठा बाघनाला में पुलिया निर्माण स्वीकृत हो गया है। वहीं अड़गडी और जरहीडीह नाला में पुलिया निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है।
*तो फिर सोढूर नदी पर ही क्यों सौतेला व्यवहार*
ग्रामीणों ने मांग की है कि जिस तरह दूसरे स्थानों पर पुलिया स्वीकृत हुई है, उसी तरह सोढूर नदी पर भी पुलिया निर्माण के लिए तुरंत स्वीकृति प्रदान की जाए।
ग्रामीण बोले-हम कब तक जान जोखिम में डालकर नदी पार करते रहेंगे हमारे बच्चे, हमारी बहू-बेटियां, हमारे बुजुर्ग हर बरसात में परेशान होते हैं। सरकार हमारी भी सुने।अब सबकी नजर प्रशासन पर है… क्या इस बार सोढूर नदी के लोगों की आवाज सुनी जाएगी, या फिर एक और बरसात में लोग इसी तरह जान हथेली पर लेकर नदी पार करते रहेंगे।गौरगाँव क्षेत्र के मुखिया फरसू राम नेताम,चैन सिंह नेताम, सोन सिंह, सरपंच चिमन नेताम, इतवारी राम नेताम, कमलेश नेताम, हरीश नेताम, टीसा राम, तिलक राम, हरिश्चंद्र, रामनाथ, विजय, बंसीलाल, जगत राम नेताम,राम प्रसाद सहित क्षेत्रवासियों ने सोढूर नदी में पुलिया निर्माण की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री एवं जिला कलेक्टर से विनम्र निवेदन किया है।