
जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे 43 में शुक्रवार देर शाम रघुनाथपुर चौकी के सामने अंबिकापुर से सीतापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो क्रमांक सीजी 15 ईडी 2470 ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा और उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुटने लगी तो बोलेरो सवार आर्मी जवान तरसुश खलखो (37 वर्ष) भागकर पुलिस चौकी में घुस गया।
लोगों का दावा-आर्मी जवान चला रहा था बोलेरो मौके पर पहुंचे लोगों ने दावा किया है कि बोलेरो को आर्मी जवान तरसुश खलखो चला रहा था एवं बोलेरो की रफ्तार तेज थी, जिसके कारण हादसा हुआ। बालेरो में आर्मी जवान का परिवार सवार था। हादसे में मारे गए युवक की शिनाख्त बटवाही निवासी शंकर नागेश (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बाइक सवार युवक पुलिस चौकी से निकलकर नेशनल हाईवे क्रास कर रहा था। रघुनाथपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिकअप से टकराई बाइक, शादी की खुशियां मातम में बदली शुक्रवार शाम हुए एक अन्य हादसे में सीतापुर थाना क्षेत्र के प्रतापगढ़ में पुल के पास खड़ी पिकअप को बाइक क्रमांक सीजी 14 एमएल 1654 में सवार युवक ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं एवं युवक की मौके पर मौत हो गई।
युवक की शिनाख्त ग्राम उलकिया निवासी सुलेश माझी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। सुलेश माझी के बड़े भाई की शादी तय हुई है और आज सुलेश के घर में मंडप का कार्यक्रम था। मंडप के दिन हादसे में सुलेश माझी की मौत से घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। सीतापुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की रफ्तार तेज थी। संभवतः वह सड़क किनारे खड़े बोलेरो को नहीं देख पाया और उससे जा टकराया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सुबह हुई थी तीन की मौत नेशनल हाईवे 43 में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार मारुती XL6 वाहन ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी थी। हादसे में मारे गए सुनील लकड़ा (35 साल), अस्मतिया (28 साल) अपने तीन माह के बच्चे के इलाज के लिए अंबिकापुर जा रहे थे।
परिजनों ने बताया कि तीन माह के बच्चे को निमोनिया हो गया था। बिशुनपुर के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर तीनों ने दम तोड़ दिया।
तीनों के शवों को पोस्टमार्टम पश्चात् परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में एक साथ तीन शव पहुंचे तो लोगों की आंखें नम हो गईं। गमगीन माहौल में तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। हादसे से परिवार सदमें में है।