छत्‍तीसगढ़ में अब चार फरवरी तक होगी धान खरीदी, छुट्टी के दिन भी बेच सकेंगे किसान

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के किसानों के लिए अच्‍छी खबर है। छत्‍तीसगढ़ सरकार ने धान खरीदी की तारीख बढ़ा दी है। अब छत्तीसगढ़ में चार फरवरी तक धान खरीदी होगी। इसके अलावा प्रदेश के किसान शनिवार और रविवार को भी धान बेच सकेंगे।

अब तक 134 लाख टन धान की खरीदी

छत्‍तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का ग्राफ प्रतिदिन ऊपर चढ़ता जा रहा है। बीते साल राज्य में हुई 107.53 लाख टन धान की खरीदी का रिकार्ड पहले ही टूट चुका है। राज्य में अब तक 133.88 लाख टन धान की खरीदी हो चुकी है, जो कि बीते साल की तुलना में लगभग 27 लाख टन अधिक है।

प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए अभी दो दिन और बाकी है। प्रतिदिन औसतन साढ़े तीन लाख टन धान की खरीदी हो रही है। इस साल धान खरीदी की मात्रा 140 लाख टन के पार होने की उम्मीद है। राज्य में इस साल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी का परिपालन सुनिश्चित करते हुए किसानों से प्रति एकड़ के मान से 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।