
पूरन मेश्राम/मैनपुर। छत्तीसगढ़ के प्रमुख वनोपज में हरा सोना जिसे तेन्दूपत्ता कहा जाता है गरियाबंद जिले के मैनपुर देवभोग क्षेत्र मे 1 मई से तेन्दूपत्ता की तोड़ाई प्रारंभ हो गई तेन्दूपत्ता के लिए ग्रामीण व वनांचल मे रहने वाले लोग सालभर इंतजार करते है महज एक से ढेड़ सप्ताह तेन्दूपत्ता तोड़ाई के बाद उससे मिलने वाली आय से आधे साल का जीवन यापन होता है।
छत्तीसगढ़ मे गर्मी का मौसम आते ही हरा सोना की पैदावार शुरू हो जाती है तेन्दूपत्ता का इस्तेमाल बीड़ी बनाने के लिए उपयोग किया जाता है और अप्रैल के अंतिम सप्ताह तथा एक मई से हर वर्ष इसकी तोड़ाई प्रारंभ होता है हरा पत्ता अच्छा उत्पादन हो इसके लिए ग्रामीण दो माह पहले शाख कर्तन करते है तब कही जाकर हरा सोना मिल पाता है।
मिली जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिला अंतर्गत देवभोग वन परिक्षेत्र की समितियों में तेन्दूपत्ता का संग्रहण कार्य दिनांक 28.04.2024 से तथा गरियाबंद, धवलपुर, नवागढ़, परसुली एवं छुरा, मैनपुर, तौरेंगा एवं कुल्हाड़ीघाट परिक्षेत्र की समितियों में दिनांक 01.05.2024 से प्रारंभ हो चुका है । जिला यूनियन गरियाबंद का संग्रहण वर्ष 2024 में तेन्दूपत्ता संग्रहण लक्ष्य 83000 मानक बोरा रखा गया है । विगत वर्ष गरियाबंद जिले में कुल 77606.433 मानक बोरा तेन्दूपत्ता संग्रहण किया गया था, जिससे 62094 तेन्दूपत्ता संग्राहको को राशि 31,04,25,732 रूपये संग्रहण पारिश्रमिक के रूप में भुगतान किया गया था।
वनमंडलाधिकारी लक्ष्मण सिंह के द्वारा अवगत कराया गया कि संपूर्ण वनमण्डल के समस्त 70 समितियों हेतु अग्रिम में क्रेता नियुक्त किए जा चुके है, तेन्दूपत्ता संग्रहण हेतु पूरी तैयारी वनविभाग के द्वारा किया जा चुका है । फड़ों पर जिला कार्यालय एवं वन विभाग के समन्वय से फड़ अभिरक्षक, जोनल अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है । शासन द्वारा वर्ष 2023 के तेन्दूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक दर 4000/- में उल्लेखनीय वृद्धि करते हुए इस वर्ष तेन्दूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक 5500/- प्रति मानक बोरा निर्धारित किया गया है, जिसका विभाग द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।संग्रहण दर में हुई इस वृद्धि से आम संग्राहकों में अत्यंत उमंग एवं उल्लास का माहौल है । संग्रहण लक्ष्य अनुसार इस वर्ष जिले में संग्रहण पारिश्रमिक की राशि 45.65 करोड़ रूपये का भुगतान किया जावेगा, जिसके तहत् जिले में लगभग 66000 तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवार लाभान्वित होंगे। वर्ष 2024 अंतर्गत वन परिक्षेत्र के प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति मर्यादित मोंगरा समिति सबसे अधिक दर 10675/- प्रति मानक बोरा की दर पर विक्रय हुआ है।
वनमंडलाधिकारी ने अवगत कराया कि तेन्दूपत्ता संग्राहकों को संग्रहण पारिश्रमिक के अतिरिक्त बीमा तथा शिष्यवृत्ति योजना, बोनस का लाभ मिलता है । वनमण्डलाधिकारी द्वारा तेन्दूपत्ता संग्राहको से अपील की गई है कि अच्छी गुणवत्ता युक्त तेन्दूपत्ता ही फड़ों पर लावें एवं जिन संग्राहको के द्वारा ऑनलाईन सर्वेक्षण नहीं कराया गया है वे नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर में प्रबंधकों /फड़मुंशी के माध्यम से संपर्क कर ऑनलाईन सर्वेक्षण कार्य पूर्ण करावें । प्रत्येक संग्राहक परिवार द्वारा कम से कम 500 गड्डी तेन्दूपत्ता का संग्रहण अवश्य किया जावे ताकि उन्हें शासन की अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।
देश विदेश मे भी तौरेंगा परिक्षेत्र के पत्तो की मांग
मैनपुर विकासखंड क्षेत्र के तौरेंगा और कुल्हाड़ीघाट परिक्षेत्र के जंगलो से प्राप्त होने वाले तेन्दूपत्ता की मांग विदेशो मे भी होती है और इस क्षेत्र के तेन्दूपत्ता को काफी अच्छी गुणवत्ता वाला माना जाता है करोड़ो और अरबो मे इसका कारोबार होता है।
गरियाबंद उपवनमंडलाधिकारी द्वारा मैनपुर और जोबा क्षेत्र मे तेन्दूपत्ता खरीदी कार्य का निरीक्षण कर संग्राहको को उत्तम गुणवत्ता के तेन्दूपत्ता लाने की समझाईस दिया गया
है।