रोहन सिंह गोलीकांड मामले में उलझी पुलिस

Chhattisgarh Crimes

भिलाई। भिलाई में रक्षाबंधन के दिन रात में घर के सामने 18 वां बर्थडे मना रहे रोहन सिंह राजपूत की गोली लगने से मौत हो गई थी। बताया गया कि हवाई फायरिंग में उसे ही गोली लग गई। अब पुलिस इस मामले में हर एंगल से छानबीन कर रही है। घटनास्थल की जांच की जा रही है। जांच में इस बात पर फोकस किया जा रहा है कि यदि लंबी बंदूक थी तो घुटने के बल उसे मोड़ते समय गोली पेट में कैसे लगी। ऐसी स्थिति में गोली जमीन पर जानी चाहिए थी। इन्हीं सारे सवालों के जवाब की तलाश पुलिस कर रही है।

यह घटना भिलाई के जवाहर नगर क्षेत्र में रविवार की रात करीब 9.30 बजे की है। वैशाली नगर थाना प्रभारी गोपाल वैश्य ने बताया कि रोहन सिंह राजपूत अपने परिवार के साथ बर्थडे मना रहा था। उसके चाचा धनंजय सिंह के साथ और लोग भी शामिल थे। घर में धनंजय सिंह के नाम की लाइसेंसी 12 बोर डबल वैरल की रायफल है। केक काटने से पहले हर्ष फायरिंग के लिए उसी बंदूक से हवाई फायरिंग कर रहा था। इस बीच बंदूक नहीं चली। बाद में चेक करते समय वह चल गई। गोली लगने से छर्रा रोहन के पेट में घुसे और घायल हो गया। रोहन की मां निशा सिंह राजपूत औऱ चाचा धनंयज सिंह घायल अवस्था में रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल ले गए। जहां हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

वैशाली नगर थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में रोहन के परिवार वालों से पूछताछ की जा रही है। मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरा की तलाश की गई है। लेकिन वहां पर केवल एक ही CCTV कैमरा मिला वह भी बंद है। घटना के समय मौजूद लोगों के मोबाइल वीडियो को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह मान कर जांच कर रही है कि बर्थडे पार्टी सेलीब्रेट करते समय लोग अक्सर वीडियो रिकार्डिंग करते है तो हो सकता है कि कोई सुराग मिल जाए। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि रोहन बंदूक खुद लाया था या फिर उसे किसी ने लाकर दी थी। अभी पुलिस को इन बातो का जवाब ठीक-ठीक नहीं मिल सका है।