छत्तीसगढ़ में दो साल से रुकी पुलिस भर्ती प्रक्रिया शुरू

खाकी की उम्मीद में रायपुर के कोटा स्टेडियम में दौड़े युवा

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। राजधानी के कोटा स्टेडियम में गुरुवार से सुबह सिपाही भर्ती की फिजिकल परीक्षा शुरू हो गई। इस भर्ती में रायपुर रेंज के पांच जिलों से 11 हजार युवाओं को शामिल होना है। पहले दिन 700 लोगों को परीक्षा के लिए बुलाया गया था। ये लोग 2017 में भी एक बार फिजिकल टेस्ट पास कर चुके हैं। इस बार भर्ती प्रक्रिया नियम को बदल दिया गया है। पिछली बार 1500 मीटर दौड़ के बाद सीधे लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया था। इस बार 800 मीटर दौड़ पास करने के बाद 100 मीटर और दौड़ना पड़ा। उसके बाद गोला फेंक, लंबी कूद और ऊंची कूद भी हुई। पांचों परीक्षाओं के अंक के आधार पर चयन होना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 2017-2018 सिपाही भर्ती में लिखित फिजिकल टेस्ट पास करने के बाद लिखित परीक्षा में शामिल हुए 55 हजार अभ्यर्थियों को ही फिर से बुलाया गया है। इसके लिए 9 लाख लोगों ने आवेदन किया था। उसमें 8 लाख लोग भर्ती में शामिल हुए थे। फिजिकल के बाद 55 हजार लोगों का चयन किया गया था।

पुलिस के अनुसार रायपुर जिले से 3628 युवा फिजिकल टेस्ट में शामिल होने हैं। गरियाबंद जिले से करीब 5 हजार युवा परीक्षा में शामिल होने वाले हैं। यह रायपुर जोन में सबसे अधिक संख्या है। भर्ती में शामिल होने वाले युवकों ने बताया,1500 मीटर दौड़ पास करने के बाद उनका चयन लिखित परीक्षा के लिए हुआ था। 30 सितंबर 2018 को लिखित परीक्षा हुई। तीन महीने बाद 26 दिसंबर को आंसरशीट भी जारी हो गया। सिर्फ नियुक्ति पत्र जारी करना बाकी था। नई सरकार ने भर्ती को निरस्त कर दिया। इसलिए उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। रायपुर में आंदोलन, धरना प्रदर्शन और घेराव के किया। मंत्रियों को ज्ञापन सौंपा, तब जाकर 3 साल बाद भर्ती की जा रही है। इसमें कई लोगों की शारीरिक दक्षता ही बिगड़ गई है।

ढाई मिनट में पूरी करनी है 800 मीटर दौड़

इस बार सिपाही भर्ती में शामिल होने वालों को ढाई मिनट में 800 मीटर और 14 सेकेंड में 100 मीटर दौड़ पूरा करना पड़ रहा है। समय के अनुसार अंक दिया जाएगा। इसमें कुल 20 नंबर मिलेगा। इसके अलावा लम्बी कूद में 20, ऊंची कूद में 20, गोला फेंक में 20 अंक मिलेगा। इस बार लिखित परीक्षा नहीं होगी। अंकों के आधार पर सीधे चयन किया जाएगा।

गड़बड़ी की शिकायत मिली तो तुरंत होंगे संस्पेड

एसएसपी अजय यादव भी कोटा स्टेडियम पहुंचे थे। उन्होंने भर्ती कमेटी की बैठक ली और स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती कमेटी के सदस्यों को चेतावनी दी है कि भर्ती में किसी भी तरह की गड़बड़ी की शिकायतें मिली तो पहले सस्पेंड करेंगे, फिर जांच बिठाएंगे। पूरी भर्ती डिजिटल तरीके से किया जा रहा है। दौड़ के समय एक चिप लगाया जाएगा। हर जगह कैमरा और डिजिटल मीटर लगेगा। प्रतिभागियों को उनकी दौड़ आदि का परिणाम भी तुरंत बता दिया जाएगा।