पुलिस ने की कार्रवाई : 2 लाख देकर ऑनलाइन ली ट्रेनिंग फिर की ठगी

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। केवाईसी अपडेट का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले सुनील मंडल को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने8वीं तक पढ़ाई की है। उसने 2 लाख देकर ऑनलाइन ठगी की ट्रेनिंग ली उसके बाद भिखारियों के नाम से सिम कार्ड लिया है। पुलिस ने सिम कार्ड की जानकारी निकालकर छापेमारी की तो दो भिखारी मिले। सुनील ने उन्हीं के नाम से सिमकार्ड लिया था। उसके बाद तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी सुनील तक पहुंची।

सुनील ने कबीर नगर की बुजुर्ग से 2.95 लाख की ठगी की है। आरोपी से 7 हजार जब्त किए गए हैं। उसने ठगी के पैसे से डेढ़ लाख की बाइक खरीदी है। पुलिस ने बताया कि झारखंड गोड्‌डा निवासी सुनील मंडल(22)ने एक साल पहले दाे लाख देकर ऑनलाइन ठगी करने की ट्रेनिंग ली है। कुछ दिन ट्रेनरों के साथ काम किया। उसके बाद खुद ठगी करने लगा। उसने वहां के दो भिखारियों के नाम से एक दर्जन सिम कार्ड खरीदे। वहीं दूसरे राज्यों में जाकर मजदूरी करने वालों के नाम से खाता खुलवाया। उनका एटीएम कार्ड खुद रख लिया। वह उन्हें हर माह कुछ कमीशन देता था। उसने पहले एटीएम अपडेट का झांसा देकर ठगी करना शुरू किया। उसके बाद केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी करने लगा। वह फोन नंबर की एक सीरिज उठाता और लोगों को कॉल करता था। उसने कबीर नगर में रहने वाली उमा मिश्रा को कॉल किया। उन्हें झांसा देकर कहा उनके ई-वॉलेट का केवाईसी अपडेट करना होगा। अपडेट नहीं करने पर वॉलेट को बंद कर दिया जाएगा।

उन्होंने इससे बचने के लिए विकल्प पूछा तो सुनील ने एक लिंक भेजा। उसे खोलते ही एनीडेस्क एप डाउनलोड हो गया। उसके बाद खाते से अलग-अलग किश्त में 2.95 लाख निकाल लिया गया। लगातार पैटर्न बदल रहा था सुनील सुनील ने कुछ लोगों से पार्सल डिलवरी का झांसा देकर ठगी की है। उसके पास लोगों के पास फोन आ रहा है। जिन लोगों ने ऑनलाइन शॉपिंग साइट में खरीदी की हैं, उनका पार्सल नहीं पहुंचा है। सुनील ने कस्टमर केयर की जगह अपना नंबर अपलोड कर दिया है। उसी में फोन कर लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। सुनील के पास आधा दर्जन सिम, मोबाइल और 7 हजार कैश जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार सुनील ने ठगी के पैसे से आलीशान मकान खरीदा है। उसने बाइक भी खरीदा है। उसने पैसा खर्च कर दिया है। पुलिस आरोपी की संपत्ति की जानकारी निकाल रही है।

Exit mobile version