8 किमी की सड़क बनाने के लिए 2 हजार पेड़ काटने की तैयारी, लोगों ने शुरू किया ‘चिपको’ आंदोलन

Chhattisgarh Crimes

बालोद। बालोद में कुदरत के ऑक्सीजन सिलेंडर पर विकास की आरी चलने को तैयार है। तरौद दैहान प्रोजक्ट के तहत 8 किमी की सड़क बनाने के लिए 2 हजार पेड़ काटे जाने हैं। इसे देखते हुए पर्यावरण प्रेमियों ने विरोध में ‘चिपको आंदोलन’ शुरू कर दिया है। दरअसल, जिले के तरौद दैहान बाईपास के दोनों ओर 2 हजार पेड़ लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि अब इस बाईपास को 10 मीटर चौड़ा कर करीब 8 किमी तक कंक्रीट की सड़क बनाने की योजना है। इस सड़क को नेशनल हाईवे-930 से जोड़ेंगे। करीब 40 करोड़ रुपए खर्च कर बनाई जाने वाली इस सड़क के लिए वहां लगे पेड़ों को काटा जाएगा। खास बात यह है कि सड़क के दोनों ओर की जमीन वन विभाग की है।

पेड़ों को बचाने के लिए उससे लिपटे पर्यावरण प्रेमी, बांधेंगे राखी

बाईपास निर्माण के लिए पेड़ों को कटने से बचाने के लिए पर्यावरण प्रेमी उससे लिपट कर विरोध जता रहे हैं। ग्रीन कमांडो वीरेंद्र सिंह सहित अन्य पर्यावरण प्रेमियों ने एक और चिपको आंदोलन शुरू कर दिया है। वह पेड़ों से लिपटकर उसे न काटने देने का संकल्प ले रहे हैं। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए जंगल की बलि नहीं देने देंगे। हमें जीने के लिए शुद्ध हवा चाहिए। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में महिलाएं और बहनें पेड़ों को राखी बांधेगी।

बालोद कलेक्टर से शिकायत, लेकिन जवाब नहीं मिला

ग्रीन कमांडो वीरेंद्र सिंह और पर्यावरण एक्टिविस्ट बताते हैं कि उन्होंने इस सड़क निर्माण को रोकने के लिए बालोद कलेक्टर के सामने भी अपनी मांग रखी थी। इतने पेड़ काट दिए जाएंगे तो पर्यावरण पर काफी बुरा असर पड़ेगा। इन पेड़ों को काटने की एवज में दूसरे पौधे कहां-कहां लगाए जाएंगे, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। साथ ही यह भी कहा अगर सड़क बनाना जरूरी है तो पेड़ों को काटने की जगह उसे ट्रांसप्लांट करें।

Exit mobile version