चंडीगढ़। मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई है। उन पर मानसा के गांव जवाहरके में AK-47 से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। फायरिंग में मूसेवाला की जान चली गई और उनके 2 साथी जख्मी हो गए। पंजाब में CM भगवंत मान की अगुआई वाली AAP सरकार ने शनिवार को ही सिद्धू मूसेवाला की सिक्योरिटी घटाई थी। वहीं गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथी और कनाडा में बैठे गोल्डी बराड़ ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने यह जानकारी अपनी सोशल मीडिया पर शेयर कर दी।
सिद्धू मूसेवाला साथियों के साथ गाड़ी से जा रहे थे। उसी दौरान काले रंग की गाड़ी में सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग की। घर से करीब 5 किमी दूर ही मूसेवाला को गोलियां मार दी गई। मूसेवाला खुद थार जीप चला रहे थे। उन पर करीब 30 से 40 फायर किए गए। फायरिंग इतनी ताबड़तोड़ हुई कि मूसेवाला अपनी सीट से हिल तक नहीं सके।
डीजीपी वीके भावरा ने कहा कि मूसेवाला साढ़े 4 बजे घर से निकले। साढ़े 5 बजे वह खुद थार चलाकर जा रहे थे। उनके साथ 2 लोग थे। इनके पीछे एक गाड़ी थी और 2 गाड़ियां सामने से आई। उन्हें गोलियां मारी गई। अस्पताल पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी।
यह मामला गैंगवार का है। सिद्धू मूसेवाला के मैनेजर शगनप्रीत का नाम मोहाली में हुए विक्की मिड्डूखेड़ा के मर्डर में आया था। शगनप्रीत ऑस्ट्रेलिया में है। उसका बदला लेने के लिए लॉरेंस विश्नोई गैंग ने यह मर्डर करवाया है। इसकी जिम्मेदारी कनाडा बैठे गैंगस्टर ने ले ली है।
डीजीपी ने कहा कि मूसेवाला के पास पंजाब पुलिस के 4 कमांडोज हैं। घल्लूघारा दिवस की वजह से उनके 2 कमांडों वापस लिए गए थे। 2 कमांडों उनके पास थे। जब वह गए तो कमांडों को साथ नहीं ले गए। कमांडों को कहा कि उन्हें साथ आने की जरूरत नहीं है।
मूसेवाला के पास प्राइवेट बुलेट प्रूफ गाड़ी थी, उसे भी मूसेवाला साथ नहीं ले गए। CM भगवंत मान के आदेश पर स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई जा रही है। इसके लिए रेंज के IG को कह दिया गया है। मौके से 3 तरह के हथियार के खोल मिले हैं। इस दौरान 30 से ज्यादा फायर हुए।
विक्की मिड्डूखेड़ा के कत्ल का बदला लिया
मूसेवाला की हत्या विक्की मिड्डूखेड़ा के कत्ल का बदला लेने के लिए की गई है। गैंगस्टर बिश्नोई के साथी रहे मिड्डूखेड़ा का मोहाली में कत्ल कर दिया गया था। इसमें सिद्धू मूसेवाला के मैनेजर का नाम सामने आया था। इसके बाद मैनेजर ऑस्ट्रेलिया भाग गया था। वह दिल्ली पुलिस का वांटेड है। इसमें लॉरेंस बिश्नोई और लक्की पटियाल का नाम सामने आ रहा है।