अस्पताल से डिस्चार्ज हुआ राहुल, जांजगीर कलेक्टर और SP खुद लेने पहुंचे

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। जांजगीर-चांपा के पिहरीद गांव में 60 फीट गहरे बोरवेल में गिरकर घायल हुआ राहुल साहू अब पूरी तरह से ठीक हो चुका है। उसे शनिवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। घर लौटने की खुशी में उसके गांव में जश्न की तैयारी है। वहीं राहुल को विदा करने बड़ी संख्या में अस्पताल स्टाफ पहुंचा था। अस्पताल की तरफ से उसे गिफ्ट भी दिया गया है। जांजगीर कलेक्टर जितेंद्र शुक्ला और एसपी विजय अग्रवाल खुद जांजगीर से बिलासपुर राहुल को लेने पहुंचे थे। इस दौरान बिलासपुर प्रशासन और स्थानीय नेता भी मौजूद थे। बिलासपुर प्रशासन की तरफ से भी राहुल को गिफ्ट दिया गया है।

Chhattisgarh Crimes

राहुल पिछले कुछ 10 दिनों से अस्पताल में भर्ती था। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उसने ठीक होने के बाद डॉक्टरों के साथ खूब मस्ती भी की है। उसका नया वीडियो भी सामने आया था। नए वीडियो में वह बॉल के ऊपर बैठकर कूदता नजर आ रहा था। 10 वर्षीय राहुल साहू अब बिना सहारे के चलने भी लगा है। अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ के साथ ही फीजियोथैरेपिस्ट लगातार राहुल के इलाज में जुटे थे। फीजियोथेरैपी का ही नतीजा है कि वह अब एकदम ठीक हो गया है और पहले की तरह मस्ती करने लगा है। राहुल 10 जून को उसके घर के पीछे बने बोरवेल के गड्‌ढे में गिर गया था। इसके बाद से वह लगभग 4 दिनों तक अंदर ही फंसा रह गया था। करीब 106 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका था।

Chhattisgarh Crimes

IG बोले- राहुल की जीवटता और साहस की तुलना नहीं की जा सकती

शुक्रवार की शाम IG रतनलाल डांगी अपोलो अस्पताल पहुंचे थे, जहां उन्होंने डॉक्टरों से चर्चा कर राहुल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उसका हाल जाना। इसके साथ ही उन्होंने राहुल की मां व परिजन से भी बातचीत की। अस्पताल के डॉक्टर व स्टाफ ने उन्हें बताया कि राहुल अब पूरी तरह से फीट हो गया है। IG डांगी ने कहा था कि राहुल बहादुर बच्चा है। उसकी जीवटता और साहस की कोई तुलना नहीं की जा सकती।