रायपुर पहुंचे छत्‍तीसगढ़ के नए राज्‍यपाल विश्व भूषण हरिचंदन, 23 फरवरी को राजभवन में लेंगे शपथ

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मनोनीत राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन आज सुबह 9ः45 बजे राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचे. विमानतल परिसर स्थित नवीन स्टेट हैंगर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका छत्तीसगढ़ में आत्मीय स्वागत किया. इस दौरान राज्यपाल को गार्ड आफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया. सीएम भूपेश बघेल ने कहा, मुझे पूरा विश्वास है कि नए राज्यपाल छत्तीसगढ़ के हित में काम करेंगे.

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, महापौर एजाज ढेबर, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, रायपुर संभाग के आयुक्त यशवंत कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, आईजी अजय यादव, रायपुर कलेक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार अग्रवाल भी उपस्थित थे.

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने नए राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन का स्वागत किया और कहा, छत्तीसगढ़ में उनके अनुभव का लाभ पूरे प्रदेश को नई राह दिखाएगा. उनके अनुभव का लाभ प्रदेशवासियों को मिलेगा. पूर्व नेता प्रतिपक्ष धर्मलाल कौशिक ने राज्यपाल का स्वागत किया और कहा, उनके प्रशासनिक मंत्री होने के नाते छत्तीसगढ़ में काफी विकास देखने को मिलेगा. राजनीतिक क्षेत्र में उनका काफी अनुभव है. प्रमुख होने के नाते संवैधानिक स्थिति को मजबूत करेगा. उनके मार्गदर्शन में प्रदेश आगे बढ़ेगा.

स्टेट हेंगर से विश्व भूषण हरिचंदन राजभवन के लिए प्रस्थान करेंगे. उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अरुप कुमार गोस्वामी राजभवन में कल 23 फरवरी को सुबह 11:30 बजे विश्व भूषण हरिचंदन को राज्यपाल पद की शपथ दिलाएंगे.