गरियाबंद जिले में कांग्रेसियों में इस्तीफे का दौर, आज फिर दो पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा, आखिर क्या है वजह

Chhattisgarh Crimes

गरियाबंद। सत्तापक्ष के पदाधिकारी या कार्यकर्ता पार्टी से इस्तीफा दे तो आश्चर्य होना लाजमी है। क्योंकि सत्ता प्राप्ति ही किसी राजनीतिक पार्टी का परम लक्ष्य होता है, मगर जब सत्ता प्राप्ति के दौरान पदाधिकारी या कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर जाने लगे तो आश्चर्य होना स्वभाविक है। ऐसा ही इन दिनों राजिम विधानसभा में देखने को मिला रहा है।

राजिम विधानसभा क्षेत्र में सप्ताहभर से कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओ के इस्तीफे का दौर जारी है। सबसे पहले जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव एवन दास पुर्रे ने वरिष्ठ नेताओं पर सहयोग नही करने का आरोप लगाते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया। उसी दिन फिंगेश्वर के 60 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भी विधायक की कार्यशीली पर सवाल उठाते हुए इस्तीफे की पेशकश की। और आज गरियाबंद के दो दिग्गज नेताओं ने पार्टी पद से अलविदा होने का मन बना लिया।

पार्टी के गरियाबंद शहर अध्यक्ष दिलीप सिन्हा और शहर महिला अध्यक्ष ललिता सिन्हा ने आज पार्टी पद से इस्तीफा दे दिया। प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम के नाम लिखे अपने पद से इस्तीफे में दोनो ने अपना परिवारिक कारण बताते हुए पद से इस्तीफा दिया है। हालाकिं दोनो ने कार्यकर्ता की हैसियत से पार्टी से जुड़े रहने की बात कही है। लेकिन जानकारों की मानो तो इस्तीफे के पीछे के कारण कुछ और ही है। बता दे कि दोनो ही पदाधिकारी लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए है।

राजिम विधानसभा क्षेत्र में सत्तापक्ष के पदाधिकारियों के इस्तीफे की इस तरह झड़ी लगना अपने आप मे कई सवाल खड़े कर रहा है। पहला एवं अहम सवाल क्या इस्तीफा देने वाले कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपनी सरकार के कामकाज से खुश नही है। दूसरा सवाल, क्या ये अपनी पार्टी के प्रदेश नेताओं से खुश नही है। तीसरा एवं सबसे अहम सवाल, क्या इस्तीफा देने वाले राजिम विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की धुरी माने जाने वाले प्रथम पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अमितेष शुक्ल से खुश नही है।

इस्तीफों में लिखी वजहो से तो साफ नजर आ रहा है कि अमितेष शुक्ल की वर्तमान कार्यशौली से कुछ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी संतुष्ट नही है। लगातार बढ़ते आक्रोश के कारण अब नाराज पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओ ने इस्तीफा देना शुरू कर दिया है। राजनीति के जानकारों की माने तो कुछ और पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी पार्टी से इस्तीफा दे सकते है।