योग कार्यक्रम में डांस कर रहे रिटायर्ड फौजी को आया अटैक, मौत

इंदौर। इंदौर के एक योग केंद्र में मां तुझे सलाम देशभक्ति गीत पर प्रस्तुति देते समय रिटायर्ड फौजी बलविंदर सिंह छाबड़ा का शुक्रवार 31 मई को निधन हो गया। वे स्टेज पर गिर पड़े। उनके हाथ में तिरंगा था तो लोग इसे परफॉर्मेंस का हिस्सा समझकर तालियां बजाते रहे। तिरंगा एक दूसरे शख्स ने उठाया और लहराता रहा।

गीत खत्म हुआ, तब लोग छाबड़ा के पास पहुंचे। कुछ सेकेंड इंतजार किया, लेकिन जब कोई रिस्पॉन्स नहीं आया तो उन्हें सीपीआर दिया गया। इसके बाद छाबड़ा कुछ देर के लिए उठकर बैठ गए और पूछने लगे कि मुझे क्या हो गया। उन्हें अरिहंत अस्पताल ले जाया गया। वहां ईसीजी हुआ। चेकअप करने के कुछ देर बाद डॉक्टर ने रिटायर्ड फौजी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने अटैक की आशंका जताई है।

परिवार को सूचना दी गई। बलविंदर सिंह छाबड़ा ने अंगदान का फॉर्म भर रखा था। इसकी जानकारी उनका मोबाइल चेक करने पर मिली। इसके बाद मुस्कान ग्रुप के जरिए उनकी आंखें और त्वचा दान की गईं।

2008 में हुई थी छाबड़ा की बायपास सर्जरी

शिविर आयोजक डॉ. आरके जैन ने बताया कि योग मित्र संस्था के सहयोगी राकेश चौधरी के जरिए रिटायर्ड फौजी बलविंदर सिंह छाबड़ा और उनके साथी 31 मई को पहली बार योग शिविर में आए थे। वे मुख्य रूप से लाफ्टर योग और वेट लॉस का योग कराते हैं।

बलविंदर ने सुबह 6.20 बजे प्रस्तुति दी। कहा कि सबसे पहले दो देशभक्ति गीत गाऊंगा और डांस करूंगा। उसके बाद मेरे साथी लाफ्टर का कार्यक्रम आगे बढ़ाएंगे, लेकिन पहली प्रस्तुति के दो मिनट के भीतर ही वे स्टेज पर गिर गए। हमें लगा कि यह प्रस्तुति का हिस्सा है। लेकिन उनकी मौत हो गई। 2008 में छाबड़ा की बायपास सर्जरी हुई थी।

Exit mobile version