
रायपुर। नकली सोने की बिस्कुट देकर महिला से 15 लाख रूपये ठगने वाले राजस्थान के अलवर के शातिर ठग आदेश दास उदासी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे राजस्थान से शुक्रवार को यहां लाया गया।
डीडीनगर पुलिस के मुताबिक ठगी की शिकार एचआइजी 1/142, सेक्टर एक, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर निवासी गोपा शर्मा ने शिकायत दर्ज कराया था कि दो साल से उसके घर साधु आदेश दास उदासी आया करते थे।चूंकि महिला ब्राम्हण परिवार से थी, इसलिए घर आये साधु-संतों का वह सम्मान करती थी।
संत आदेश दास उदासी महिला के उज्जवल भविष्य के लिए सिद्ध किए हुए रूद्राक्ष, तांबे के सिक्के आदि दिया करता। इसके एवज में गोपा शर्मा आर्थिक भी मदद करती थी। महिला को विश्वास में लेकर छह मार्च 2023 को संत आदेश दास ने मोबाइल पर काल करके कहा कि उनके गुरूजी 106 वर्ष के थे, उनकी मृत्यु पश्चात छोटे गुरूजी को उनका सोने का आभूषण मिला है, जिन्हें वे आपके पास रखवाना चाहते हैं। इससे आपकी किस्मत बदल जाएगी।
अंधविश्वास के चक्कर में फंसी महिला
बदले में आश्रम के जीर्णाेधार करने आप 15 लाख रूपये हमें नकद दे देना, बड़ा आभार होगा। 16 मार्च को संत आदेश दास ने आश्रम में हवन पूजन व स्वर्ण आभूषण के शुद्धिकरण करने पैंतीस हजार फोन पे के माध्यम से मंगवा लिया। 18 मार्च को नागपुर जाकर आदेश दास उदासी ने महिला को एक लाल कपड़े में लिपटा दो सोने के बिस्कुट दिखाते हुए कहा कि प्रत्येक बिस्कुट करीब एक-एक किलो के है, जिन्हें हम आपको देना चाहते है।
इसके बाद आरोपित ने गोपा शर्मा से 15 लाख रूपये लेकर दोनों बिस्कुट थमा दिया। गोपा शर्मा वापस रायपुर लौटी। दूसरे दिन संत आदेश दास उदासी ने काल करके कहा कि 10 दिनों तक स्वर्ण बिस्कुट की सिद्धि करना है।इसे कपडे से बाहर नहीं खोलना। इस दौरान संदेह होने पर गोपा शर्मा ने बिस्कुट की सत्यता का परीक्षण कराया तब पता चला कि यह नकली सोना है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू की।फर्जी संत के मोबाइल का लोकेशन राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ में ट्रेस होते ही पुलिस टीम रवाना हुई। आरोपित संत आदेश दास उदासी उर्फ भगत सिंह उर्फ भक्ति सिंह (22) को हनुमान कालोनी रामवास थाना गोविंदगढ से गिरफ्तार कर यहां लाया गया। पूछताछ में उसने एक अन्य साथी के साथ मिलकर महिला से पैसे ठगना कबूल किया। उसके पास से नकदी 80 हजार रूपये, मोबाइल जब्त किया गया। ठगी में शामिल उसके दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।