छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक राहगीर की बेरहमी से पिटाई की गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक राहगीर की बेरहमी से पिटाई की गई। तीन युवकों ने मिलकर एक युवक को कुल्हाड़ी से मारा। इसका वीडियो भी सामने आया है। पिटाई के बाद युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर ही गिर गया।

घटना 23 जून की दोपहर की है। मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है सकर्रा गांव में दशगात्र कार्यक्रम था, यहीं आरोपी बाइक से पहुंचे थे। वहीं घायल भूपेंद्र घर से पैदल निकला था, इस बीच साइड मांगने पर 3 युवकों के साथ कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ गया।

हालत गंभीर, बिलासपुर रेफर

बताया जा रहा है कि, विवाद के बाद 3 युवकों ने भूपेंद्र से मारपीट की। गुस्से में आरोपियों ने दशगात्र वाले घर से ही कुल्हाड़ी और डंडा भी उठा लिया और युवक को पीटने लगे। इससे युवक बेसुध होकर गिर गया। घटना में घायल भूपेंद्र को राहगीरों ने पानी पिलाया। उसे सिर और पसली पर काफी गंभीर चोटें आईं है।

स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी जिसके बाद परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। बेहोश हालत में भूपेंद्र को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पकड़े गए आरोपी

भूपेन्द्र की मां श्यामबाई साहू ने मालखरौदा थाने में शिकायत दर्ज कराई। SP अंकिता शर्मा, ASP हरीश यादव और एसडीओपी मनीष कुंवर के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपियों को डभरा थाना क्षेत्र के फरसवानी और कटेकोनी से पकड़ा गया।

पकड़े गए आरोपियों में

  1. युगल किशोर चंद्रा (26 साल)
  2. शशि किशोर चंद्रा (24 साल)
  3. सुनील कुमार चंद्रा (20 साल)

    घायल का इलाज जारी

    युगल और शशि किशोर मूल रूप से ग्राम सिंघरा के रहने वाले हैं और वर्तमान में रायगढ़ के किरोड़ीमल नगर में रहते हैं। वहीं तीसरा आरोपी सुनील कटारी गांव का रहने वाला है।

    एसडीओपी मनीष कुंवर ने बताया कि तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। घायल भूपेंद्र का बिलासपुर में इलाज जारी है।

Exit mobile version