छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के निगम में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को पिछले 4 महीनों से वेतन नहीं मिला

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के निगम में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को पिछले 4 महीनों से वेतन नहीं मिला है। निगम के अधिकांश वार्डों में पानी की आपूर्ति बाधित है। कांग्रेस ने मंगलवार को निगम कार्यालय का घेराव किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर मेन गेट तक पहुंचते हुए जमकर नारेबाजी की। इस एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में पूर्व विधायक गुलाब कमरो, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि, मनेंद्रगढ़ के विधायक और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी मंचों से यह दावा करते हैं कि विकास कार्यों के लिए पैसे की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। लेकिन आज नगर निगम में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को चार महीने से वेतन नहीं मिला है। जिससे उन्हें जीविका चलाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि, नगर निगम चिरमिरी के 40 में से अधिकांश वार्डों में पीने के पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। जिससे लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार पर कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि, जनता परेशान है और सरकार में बैठे लोग अपने हित साधने में लगे हैं।

निगम आयुक्त ने दी सफाई, बताया फंड की कमी

इस संबंध में नगर निगम आयुक्त रामप्रसाद आचला ने बताया कि, वर्तमान में निगम के पास फंड की भारी कमी है। जिस कारण कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं हो पा रहा है। जैसे ही शासन से अनुदान प्राप्त होगा या टैक्स वसूली होगी, कर्मचारियों का भुगतान कर दिया जाएगा।

आयुक्त के अनुसार, नगर निगम में रेगुलर और प्लेसमेंट मिलाकर कुल 515 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनका मासिक वेतन भुगतान 82 लाख रुपए होता है। फिलहाल निगम के खाते में उतनी राशि नहीं है कि भुगतान किया जा सके।

Exit mobile version