सिब्बल ने उठाए नेतृत्व पर सवाल, तो सीएम भूपेश ने दिया जवाब, छत्तीसगढ़ उदाहरण है कि हम 15 साल बाद भी लौट सकते हैं

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति एक बार फिर तेज हो गई है। नेताओं में सार्वजनिक बयानबाजी अभी भी जारी है। बिहार चुनाव में हार के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि पार्टी फोरम में उनकी बात नहीं हो पा रही है, ऐसे में वे सार्वजनिक रूप से अपनी बात रख रहे हैं।

तो वहीं सीएम भूपेश बघेल ने कपिल सिब्बल के इस बयान पर पलटवार किया है। सीएम ने ट्वीट कर लिखा, कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व का सवाल पार्टी का अंदरूनी मसला है। इसपर सार्वजनिक रूप से बात करना ठीक नहीं हैं। किसी को भी इससे बचना चाहिए।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा, छत्तीसगढ़ इसका उदाहरण है। हम 15 साल बाद भी लौट सकते हैं और ठीक तरह से लौट सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही इस देश की मनोभावना का प्रतीक है और साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ खड़ी एकमात्र पार्टी है। इतिहास गवाह है कांग्रेस ने हर चुनौती का सामना किया है और अपने लाखों कार्यकर्ताओं के साथ फिर खड़ी हुई है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व का बचाव किया है। उन्होंने लिखा, सोनिया जी और राहुल जी के नेतृत्व पर हर कांग्रेस कार्यकर्ता का अटूट भरोसा है। हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है। किसी भी हार से न तो कांग्रेस कार्यकर्ता का मनोबल गिरता है और न नेतृत्व हार मानता है।