रायपुर। राज्य सरकार ने बालोद के पुलिस अधीक्षक गोवर्धन राम ठाकुर का तबादला कर दिया है। उन्हें सहायक पुलिस महानिरीक्षक पद पर पुलिस मुख्यालय वापस बुला लिया गया है। उनकी जगह पर जितेंद्र कुमार यादव को बालोद का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। 2018 बैच के जितेंद्र कुमार यादव अभी तक भानुप्रतापपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। कुछ दिन पहले ही जिले में पाटेश्वर धाम में बलि चढ़ाने के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया था। जिसे लेकर जमकर बवाला हुआ था।
भारतीय पुलिस सेवा 2011 बैच के अफसर गोवर्धन राम ठाकुर को इसी साल मार्च महीने में बालेाद एसपी बनाया गया था। वहां जाने से पहले वे छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की भिलाई स्थित पहली बटालियन के कमांडेंट थे। उन्हें काफी समय बाद जिले की जिम्मेदारी दी गई थी। ठाकुर ने 7 मार्च को बालोद जाकर एसपी की जिम्मेदारी संभाली। गृह विभाग ने तीन महीने के भीतर 31 मई को उनका तबादला आदेश जारी कर दिया। पिछले दिनों बालोद में हुए विवाद को उनके तबादले की वजह बताया जा रहा है। कहा जा रहा है, जिला पुलिस के कप्तान के तौर पर वे मामले को संवेदनशीलता से संभाल नहीं पाए।
बालोद में क्या विवाद हो गया था
मई महीने की शुरुआत में बालोद जिले के पाटेश्वर धाम में बलि चढ़ाने के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण है। मारपीट के विरोध में दो-तीन दिन पहले आदिवासी समाज, छत्तीसगढ़ क्रांति सेना, छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा जैसे संगठनों ने बालोद बंद का आह्वान किया था। बंद कराने के दौरान बंद समर्थकों और व्यापारियों के बीच मारपीट हो गई। इसी मामले में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष ने एक धर्म के बारे में आपत्तिजनक बातें कहीं और विवाद प्रदेश भर में फैल गया। शनिवार को जैन समाज का एक प्रतिनिधिमंडल भी राज्यपाल से मिलने पहुंचा था। सोमवार रात में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना अध्यक्ष अमित बघेल को पुलिस ने सरगुजा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।