पंजाब में कल मंत्रियों का शपथ ग्रहण, मान सरकार में एक महिला सहित 10 मंत्रियों को मिली जगह, सुबह 12 बजे होगी कैबिनेट मीटिंग

Chhattisgarh Crimes

चंडीगढ़। पंजाब की नई आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री कल सुबह 11 बजे शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में होगा। भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर अपने संभावित मंत्रियों की जानकारी शेयर की।

इनमें हरपाल सिंह चीमा, डॉ. बलजीत कौर, हरभजन सिंह ईटीओ, डॉ. विजय सिंगला, गुरमीर सिंह मीत हेयर, हरजोत सिंह बैंस, लाल चंद कटारूचक, कुलदीप सिंह धालीवाल, लालजीत सिंह भुल्लर, ब्रम शंकर (जिम्पा) मंत्री बनेंगे। 10 मंत्रियों में 1 महिला डॉ. बलजीत कौर को शामिल किया गया है।

शपथ ग्रहण समारोह के खत्म होने के बाद CM भगवंत मान की अगुवाई में साढ़े 12 बजे पहली कैबिनेट मीटिंग होगी। जिसमें AAP की चुनावी घोषणाओं से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। पंजाब सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 17 मंत्री बन सकते हैं। हालांकि शुरूआत में 10 से 12 मंत्री शपथ लेंगे।उसके कुछ वक्त बाद मान सरकार का कैबिनेट विस्तार होगा। फिलहाल मंत्रियों के नाम की औपचारिक सूची जारी नहीं हुई है।

विधानसभा सेशन के पहले दिन से भी मिले संकेत

कल विधानसभा सेशन के पहले दिन विधायकों को शपथ दिलाई गई। इस मौके मुख्यमंत्री के अलावा मंत्रियों के लिए रिजर्व चेयर में कुछ आप विधायक बैठे नजर आए। जिनमें पिछली सरकार में विपक्षी दल के नेता रहे हरपाल चीमा, अमन अरोड़ा, कुलतार सिंह संधवां, नरिंदर कौर भराज, प्रो. बलजिंदर कौर, सर्वजीत कौर माणुके, प्रिंसिपल बुधराम, मनजीत सिंह बिलासपुर और डॉ. बलजीत कौर शामिल हैं।

मान सरकार के इन फैसलों पर रहेगी नजर

आम आदमी पार्टी ने चुनाव में पंजाब के हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा किया था। इसके अलावा सरकारी नौकरियां देने और 18 साल से बड़ी उम्र की हर महिला को प्रतिमाह 1000 रुपए देने की घोषणा की थी। स्कूल और अस्पतालों की स्थिति को भी चमत्कारिक तरीके से सुधारने का दावा किया था। अब पहली कैबिनेट मीटिंग में इन सभी फैसलों पर नजर रहेगी।

Exit mobile version