तेलीबांधा गोलीकांड में पुलिस ने शुक्रवार को एक और फरार आरोपी इंदरपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया

तेलीबांधा गोलीकांड में पुलिस ने शुक्रवार को एक और फरार आरोपी इंदरपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद से मोबाइल बंद कर शहर से भाग गया था। पुलिस ने हाईटेक जांच के बाद उसे पकड़ा। पुलिस को गोलीकांड के मुख्य आरोपी जनरैल की घर की तलाशी के दौरान पिस्टल व बंदूक के साथ 315 बोर का रायफल मिला है।

पिस्टल और बंदूक का लाइसेंस है लेकिन रायफल का लाइसेंस नहीं है। रायफल जब्त कर सिविल लाइन थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एक और केस दर्ज किया है। पुलिस उनकी लाइसेंसी पिस्टल व बंदूक का लाइसेंस निरस्त करने जिला प्रशासन को पत्र लिखेगी।

शुक्रवार को पुलिस ने पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार गोविंद नगर निवासी कारोबारी जसपाल रंधावा और उदया सोसायटी निवासी प्रभजोत सिंह के बीच एक युवती को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों एक ही युवती से प्रेम करते हैं।

जसपाल ने अपने पिता जनरैल सिंह को इसकी जानकारी दी। उसके बाद जसपाल के पिता के साथ चाचा हरप्रीत सिंह, चचेरा भाई इंदरपाल सिंह और रिश्तेदार ने मिलकर इस मसले पर बातचीत के लिए अभिजीत सिंह को बुलाया। तेलीबांधा उद्योग भवन के सामने स्थित पुरानी गाड़ी के शो रूम में उनकी बैठक हुई। बैठक में प्रभजोत सिंह के रिश्तेदार मदनजीत सिंह बातचीत करने पहुंचे।

चर्चा के दौरान उनके बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर जसपाल और उसके पिता जनरैल ने रायफल निकालकर तान दी। जसपाल ने हवाई फायरिंग कर दी। पुलिस ने इस मामले में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पिता की बंदूक रखी, लेकिन लाइसेंस नहीं लिया
पुलिस की टीम घटना के बाद जनरैल के घर पहुंची। वहां तलाशी के दौरान तीन रायफल मिला। तीनों को जब्त कर लिया है। आरोपियों ने सिर्फ दो रायफल का लाइसेंस पुलिस को पेश किया। एक का नहीं कर पाए। जब पूछताछ की गई तो आरोपियों ने बताया कि वह रायफल जनरैल सिंह के पिता की थी। उनके नाम पर लाइसेंस था। उनकी मौत के बाद नाम ट्रांसफर नहीं किया गया। न ही पुलिस को इसकी सूचना दी गई। तब से रायफल घर पर ही रखी है। पुलिस ने 315 बोर के लाइसेंस को जब्त कर लिया है और नया केस दर्ज किया है।

Exit mobile version