8वीं बार वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया, 19 नवंबर को भारत से मुकाबला

5वीं बार वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हारी साउथ अफ्रीका

Chhattisgarh Crimes

कोलकाता। ऑस्ट्रेलिया ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स ग्राउंड पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 3 विकेट से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया की टीम 8वीं बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। वहीं, साउथ अफ्रीका एक बार फिर बड़े टूर्नामेंट चोकर्स टीम साबित हुई। यह पांचवां मौका है, जब अफ्रीकी टीम वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हारी है।

साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को हुए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। टीम 49.4 ओवर में 212 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। डेविड मिलर ने सबसे ज्यादा 101 रन बनाए। मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 47.2 ओवर में 7 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। ओपनर ट्रेविस हेड ने 48 बॉल पर 62 रन की आक्रामक पारी खेली। बीच में स्टीव स्मिथ ने 30 और जोश इंग्लिस ने 28 रन बनाए।

5वीं बार वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हारी साउथ अफ्रीका

साउथ अफ्रीका की टीम लगातार 5वें सेमीफाइनल से हारकर बाहर हुई है। इससे पहले, टीम 1992, 1999, 2007 और 2015 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल से हारकर बाहर हो चुकी है। अफ्रीकी टीम अब तक 5 बार वर्ल्ड कप के टॉप-4 में पहुंच सकी है।