मॉड्यूलर किचन लगवाने का झांसा देकर 5 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

कांकेर. एडवांस्ड इंटरनेशनल नामक कंपनी के नाम पर लोगों को डीलरशिप और मॉड्यूलर किचन लगवाने का झांसा देकर अंतरराष्ट्रीय ठगी करने वाले आरोपी को कांकेर पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है. कांकेर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर रायपुर स्थित उसके दफ्तर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जहां उसे अपराध की गंभीरता को देखते हुए जेल भेज दिया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कांकेर निवासी अजय गांधी ने 5 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज की. शिकायत में बताया गया कि रायपुर निवासी आरोपी यशवंत सिन्हा पिता आरके सिन्हा ने एडवांस इंटरनेशनल कंपनी के मॉड्यूलर किचन की डीलरशिप देने के नाम पर उनसे 5 लाख रुपए लिए थे. आरोपी ने वादा किया था कि वह कंपनी का आउटलेट खोल कर देगा और मॉड्यूलर किचन के सारे सामान उपलब्ध कर आएगा. लेकिन, आरोपी ने ऐसा कुछ नहीं किया और प्रार्थी को उसके रुपए भी वापस नहीं दिए.

प्रार्थी अजय गांधी लगातार आरोपी से संपर्क कर अपने पैसे की वापसी की मांग की. लेकिन, रकम वापसी करने आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा. आरोपी की नियत को देखते हुए प्रार्थी अजय गांधी ने इस मामले की पूरी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई. जहां पुलिस ने मामले में अपराध पंजीकृत करते हुए आरोपी यशवंत सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी यशवंत सिन्हा बीजेपी का नेता होने का दावा करता है और अपने आप को गृह मंत्री का खास बताता है गिरफ्तारी के दौरान भी आरोपी ने पुलिस को जमकर अपने पावरफुल होने का धौंस दिखाया गिरफ्तारी के बाद भी कांकेर पुलिस पर लगातार दबाव बनाने के लिए अलग-अलग लोगों से फोन भी करवाता रहा.

बता दें कि आरोपी यशवंत सिन्हा ने ठगी करने के लिए आसपास के राज्यों में जाल फैला कर रखा है. आरोपी यशवंत सिन्हा पहले भी तकरीबन पांच राज्य के लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना लिया है.अलग-अलग लोगों से आरोपी ने लाखों रुपए की ठगी की है. मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ हरियाणा राजस्थान और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में आरोपी ने ठगी की घटना को अंजाम दिया है. मिली जानकारी के अनुसार अपने लोक लुभावने वादों के जरिए आरोपी लगातार ठगी कर रहा है. पूर्व में आरोपी ने राजनांदगांव जिले के निवासी से भी एक करोड़ 5 लाख रुपए की ठगी की है.

आरोपी यशवंत सिन्हा एडवांस इंटरनेशनल कंपनी के जरिए मॉड्यूलर किचन बनाकर देने और डीलरशिप देने के नाम पर लोगों से ठगी करता है इसके लिए आरोपी बड़े-बड़े विज्ञापन समाचार पत्रों के जरिए देता है. वहीं सोशल मीडिया के जरिए भी पब्लिसिटी करता है.इस पब्लिसिटी के जरिए लोग जब कंपनी में डीलरशिप या मॉड्यूलर किचन बनाने के लिए उनसे संपर्क करते हैं. तो वह उन्हें अपने झांसे में लेकर ठगी को अंजाम देता है. अब तक तकरीबन रायपुर दुर्ग भिलाई राजनांदगांव बिलासपुर धमतरी बालोद जिले में लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है. इसके अलावा आसपास के पांच राज्यों के लोगों को भी अपनी ठगी का शिकार बनाया है.