महादेव एप से IPL सट्टा खेलाते तीन गिरफ्तार, दुर्ग-भिलाई से जुड़े तार, एक करोड़ 93 लाख का मिला ट्रांजेक्शन

Chhattisgarh Crimes

कांकेर। कोतवाली पुलिस ने शहर में महादेव एप से आईपीएल (IPL) में सट्टा खेलाने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आईपीएल सट्टा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कांकेर पुलिस ने महादेव एप से शहर में संचालित आईपीएल सट्टा का खुलासा किया है। महादेव एप व खाते से एक करोड़ 93 लाख का ट्रांजेक्शन मिला है। खाते मे जमा तीन लाख 50 हजार रूपये को होल्ड किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों व शहर में संचालित आईपीएल सट्टा के तार दुर्ग-भिलाई से जुड़ रहा है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

दरअसल, आईपीएल सट्टा पर अंकुश लगाने पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर छापा की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आईपीएल सट्टा पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के घड़ी चौक, आमापारा वार्ड पंचमुखी हनुमान मंदिर, लेक व्यु होटल के पास महादेव एप से आईपीएल सट्टा खेला रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने लेक व्यु होटल के पास दबिश दी। पकड़े गए आराेपितों में माहुरंबद पारा निवासी राकेश रजक तथा पुरी चारामा निवासी घनश्याम धनकर तथा टोमन कुमार यादव को गिरफ्तार किया। आरोपितों के मोबाइल की जांच करने पर महादेव एप में आईडी बनाकर सट्टा खिलाने की जानकारी मिली।

आरोपितों के तार दुर्ग-भिलाई से जुड़े

आरोपितों का मोबाइल जब्त कर महादेव एप आईडी में उपलब्ध खाते में करोड़ों रूपये का ट्रांजेक्शन पाया गया। आरोपितों के तार दुर्ग-भिलाई से जुड़ा होना बताया जा रहा है। ट्रांजेक्शन के बैंक डिटेल के आधार पर आरोपितों द्वारा आईपीएल सीजन के दौरान खाता धारक दुर्ग निवासी संदीप उपाध्याय तथा भिलाई निवासी अंशुल प्रसाद के खातों में एक करोड़ 93 लाख रूपये का लेन-देन किया गया है। महादेव एप में से मिले दुर्ग-भिलाई संदीप उपाध्याय तथा अंशुल प्रसाद खातें में जमा राशि तीन लाख 50 हजार रूपये को फ्रिज कर खाते को होल्ड किया गया है।

कांकेर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश ठाकुर ने बताया कि लगातार शहर में आईपीएल सट्टे की सूचना मिल रही थी। सूचना मिली की कुछ लोगों द्वारा शहर के पंचमुखी हनुमान मंदिर लेक व्यू होटल के पास आनलाइन सट्टा खेला जा रहा है। जिस पर पुलिस दल द्वारा दबिश दी गई जिसमें आरोपित राकेश रजक, घनश्याम धनकर, टोमन यादव के मोबाइल का बारीकी से चेक करने पर महादेव एप से आईपीएल सट्टा खेलने की जानकारी मिली। इसमें कुछ रूपयों का ट्रांजेक्शन हुआ था। ट्रांजेक्शन का बैंक हिस्ट्री का बैंक से डिटेल निकालने पर दुर्ग निवासी संदीप उपाध्याय तथा अतुल प्रसाद भिलाई निवासी के आईडी से सट्टा संचालित किया जा रहा था। आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिशेद्य अधिनियम के अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज गया है। शेष आरोपित जिनके खाते की जानकारी मिली है, उनके गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।