बेरोजगारी से परेशान युवक ने 6वीं मंजिल से कूद कर दी जान

Chhattisgarh Crimes

भिलाई. भिलाई में एक युवक ने देर रात एक इमारत की 6वीं मंजिल से कूद कर जान दे दी। अगले दिन शनिवार सुबह जब लोगों ने शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। युवक की पहचान न्यू खुर्सीपार निवासी ललित शर्मा (25) के रूप में हुई है। मरने से पहले युवक ने अपने परिजनों को कॉल किया और सुसाइड करने की बात कहते हुए माफी भी मांगी थी। परिजनों ने बताया कि नौकरी जाने के बाद से वह काफी परेशान रहता था। इसके बाद से ही उसे काम नहीं मिल रहा था। मामला स्मृति नगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक ललित शर्मा खम्हरिया स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहकर प्राइवेट कंपनी के ऑटो स्टोर में जॉब करता था। एक महीने पहले ही जॉब छूटने के चलते वह न्यू खुर्सीपार में शिफ्ट हुआ था। इस दौरान ललित का खम्हरिया आना-जाना लगा रहता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात को भी वह अपने दोस्तों के पास गया था। वहां रात में उसने के ब्लॉक बिल्डिंग की छत पर शराब पी और देर रात करीब 2 बजे वहीं से छलांग लगा दी।

मृतक के परिजनों ने बताया कि एक महीने पहले उसकी जॉब छूट गई थी। इसके बाद अचानक उसका एक्सीडेंट हो गया। सिर और पेट में गहरी चोट लगने से इलाज भी चल रहा था। पिता ने पहले ही उन्हें छोड़ दिया था। इससे घर में आर्थिक परेशानी बढ़ गई थी। इसी बीच ललित ने एक ऑटो कंपनी में इंटरव्यू दिया और घरवालों को बताया कि उसकी जॉब पक्की हो गई है। शुक्रवार को उसने घरवालों को बताया कि जहां उसने इंटरव्यू दिया था उसका सिलेक्शन नहीं हुआ। इसके बाद वह खम्हरिया आ गया। नौकरी नहीं मिलने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान था।

शुक्रवार रात को ब्लॉक की छत पर ललित ने पहले खूब शराब पी। उसके बाद नशे की हालत में उसने रात 11.30 बजे अपनी छोटी बहन और मां को फोन किया। फोन पर उसने उनसे माफी मांगी और कहने लगा कि वह किसी काम का नहीं है। घर की जिम्मेदारी नहीं उठा सकता है, इसलिए खुदकुशी करने जा रहा है। इसके बाद उसने रात 1.30 बजे अपने ताई, ताऊ और चचेरे बड़े भाइयों को फोन करके प्रणाम बोला और सुसाइड की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।