छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण की 70 सीटों पर मतदान शुरू

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में 70 सीटों पर शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया है। सबसे पहले नक्सल प्रभावित सीट बिंद्रानवागढ़ के 9 संवेदनशील केंद्रों पर वोटिंग शुरू हुई है। यहां 3 बजे तक मतदान होगा। बाकी 69 सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोट पड़ेंगे। इस चरण में कई हाई प्रोफाइल सीटें भी हैं। सीएम भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत सहित 10 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।

भाजपा से प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव सहित 4 सांसद और 10 विधायक भी चुनावी मैदान में हैं। JCCJ प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी और उनकी मां व विधायक रेणु जोगी भी चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे चरण में 958 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पहले चरण में 20 सीटों पर 12 नवंबर को 78% मतदान हुआ था। चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे।

बिलासपुर के शेफर्ड स्कूल में सांसद अरुण साव ने मतदान किया। वह लोरमी से भाजपा के प्रत्याशी भी हैं।