
रायपुर। बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री मंगलवार को रायपुर पहुंचे। 23 से 27 जनवरी तक शहर के गुढ़ियारी इलाके में हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है। रायपुर एयरपोर्ट पर धीरेंद्र शास्त्री का उनके भक्तों ने स्वागत किया। एयरपोर्ट के बाहर जय-जय श्री राम के नारे गूंजते रहे। यहां मीडिया के सामने धीरेंद्र शास्त्री ने छत्तीसगढ़ काे लेकर बयान दिया।
मीडिया से चर्चा में कहा- भारत में राम राज्य का सुर्याेदय हुआ है। एक नई उर्जा आई है, भारत के लोग अखंडता की ओर एकता की अोर बढ़ रहे हैं। त्रेतायुग प्रारंभ किया है अब द्वावर युग की तैयारी है। अब बागेश्वर व्यास पीठ हनुमान जी की कृपा से छत्तीसगढ़ में समूचे क्षेत्र में जो कंवर्जन (धर्मांतरण) हाे रहा है उसे रोका जाएगा।
एक साल पहले भी धीरेंद्र शास्त्री रायपुर आए थे। यहां से उन्हें काफी प्रसिद्धी मिली थी। उस दिन को याद करते हुए उन्होंने कहा- पिछले साल इसी दिन मैंने कहा था भारत के लोगों से कि तुम मेरा साथ दो मैं तुम्हें हिंदू राष्ट्र दूंगा। साल बदला छत्तीसगढ़ का हाल बदला। हम अब छत्तीसगढ़ में बहुतायात में घर वापसी करवाएंगे।
धीरेंद्र कृष्ण ने आगे कहा- राजिम में महाकुंभ होने जा रहा है। पूरा छत्तीसगढ़ इसमें आएगा। ये हमारा ननिहाल है यहां हमारे मामा रहते हैं। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण नहीं चलेगा यहां राम ही कण कण हो गए हैं। भारत में राम राज्य आ चुका है।
1 हजार लोगों के घर वापसी की तैयारी
कार्यक्रम से जुड़े भाजपा नेता प्रबल प्रताप जूदेव ने कहा कि बागेश्वर सरकार का भी आगमन हो रहा है उनका कार्यक्रम भी रहेगा, हनुमान कथा दरबार लगेगा। ऐसे महान कार्यक्रम में घर वापसी का कार्यक्रम जोड़ा गया है । जिसमें भटके हुए अपने लोग किसी कारणवश धर्म परिवर्तन किए हैं षड्यंत्रकारी शक्तियों ने उन्हें अपने धर्म में परिवर्तन किया है। वो अब सनातनी पूजा पद्धति से जुड़ना चाहते हैं ऐसे लोगों को पैर धोकर सम्मान देकर घर वापसी कराएंगे। मैं आपको बताना चाहता हूं कि हम 251 परिवार जिसमें 1 हजार लोग हैं सभी को गंगाजल से पैर धोकर सनातन से जोड़ेंगे। जब तक मैं सांस ले रहा हूं मेरा यह प्रयास रहेगा जब तक मैं जीवित हूं यह अभियान चलाता रहूंगा।