सूरत शहर में महिला ने 12वीं मंजिल से कूदकर कर लिया सुसाइड

Chhattisgarh Crimes

सूरत। सूरत शहर के अलथाण में बेटे की आंखों के सामने ही एक महिला ने 12वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। महिला जिस जगह गिरी, वहीं पर ही उसका 8 साल का बेटा दोस्तों के साथ खेल रहा था। सुसाइड की वजह पति का महिला के चरित्र पर संदेह करना था। पति की यातनाओं से परेशान होकर महिला ने अपनी जान दे दी। बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे में महिला नीचे गिरती हुई दिखाई दे रही है।

बेटे के स्कूल बैग में रखा था सुसाइड नोट

मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि आरती (34) ट्यूशन से 8 साल के बेटे को लेकर घर लौटी थी। आरती ने स्कूल बैग बेटे को देते हुए कहा कि पड़ोस में मौसी के घर रख दो। बेटा पड़ोसी के यहां बैग रखकर दोस्तों के साथ बिल्डिंग के नीचे ही खेलने लगा। इस बीच, महिला ने बिल्डिंग की 12वीं मंजिल से छलांग लगा दी। जहां वह गिरी, उसका बेटा वहीं नजदीक खेल रहा था। बेटे के स्कूल बैग से एक सुसाइड नोट मिला है।

पति 9 साल से कर रहा था परेशान

मिली जानकारी के अनुसार, आरती महेसाणा जिले की रहने वाली थी। उसकी शादी सूरत में रहने वाले मनोज सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति उसके चरित्र पर शक कर रहा था और उसे परेशान करता था। ऐसा आरोप है कि पिछले 9 साल से शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान होकर आखिरकार उसने जान दे दी। महिला के पिता ने आरोपी मनोज सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है।