
रायपुर। राजधानी के अभनपुर इलाके में गोली चलने से एक युवक घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर उसका उपचार जारी है। वहीं गोली चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी उड़ीसा का रहने वाला है।
जानकारी के मुताबिक, घटना आज दोपहर अभनपुर थाना क्षेत्र की है। उड़ीसा निवासी विक्रमादित्य सिंहदेव थार गाड़ी में सवार होकर अपने परिजनों के साथ उड़ीसा से रायपुर आ रहा था। इस दौरान दोपहर में अभनपुर के ग्राम हसदा के पास उनकी गाड़ी से ओवरटेक किया गया। इस बात को लेकर निखिल साहू के साथ विक्रमादित्य का विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विक्रमादित्य ने अपने पास रखी लाईसेंसी पिस्टल को निकालकर निखिल साहू के जांघ पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद निखिल साहू घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के संबंध में एसएसपी प्रशांत अग्रावाल ने बताया कि घटना के तत्काल बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर घटना के संबंध में पूछताछ जारी है।