उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे एक अंतरराज्यीय तस्कर को कोंडागांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है

Chhattisgarh Crimesउड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे एक अंतरराज्यीय तस्कर को कोंडागांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 17.005 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 8 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी भी जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 9 लाख 30 हजार 590 रुपए आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 28 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति काले रंग की ग्लैमर एक्स मोटरसाइकिल क्रमांक UP 77 AX 7825 में गांजा लेकर उड़ीसा से कोंडागांव होते हुए उत्तर प्रदेश जा रहा है।

सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और एसडीओपी कोंडागांव स्निग्धा सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बायपास रोड स्थित कोकोड़ी चौक के पास घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।

बैग में मिले गांजे के पांच पैकेट

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शैलेन्द्र सिंह (30), पिता जगदीश सिंह, निवासी ग्राम कपलापुर, पोस्ट अकबरपुर, जिला कानपुर देहात, उत्तर प्रदेश बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में रखे बैग से सेलो टेप में लिपटे गांजे के पांच पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 17.005 किलोग्राम पाया गया।

9.30 लाख रुपए की संपत्ति जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 8 लाख 50 हजार रुपए कीमत का गांजा, 70 हजार रुपए कीमत की ग्लैमर एक्स मोटरसाइकिल, लगभग 10 हजार रुपए का सैमसंग मोबाइल और 590 रुपए नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 9,30,590 रुपए बताई गई है।

इस मामले में थाना कोंडागांव में अपराध क्रमांक 377/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी शैलेन्द्र सिंह को 28 नवंबर को दोपहर 1:05 बजे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

कार्रवाई में निरीक्षक विकास बघेल, उपनिरीक्षक राजकुमार कोमरा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रश्मि मिंज, आरक्षक फरसुराम वैध, सुखीराम राजपूत, राजेश मरकाम और महिला आरक्षक श्यामबती नाग का विशेष योगदान रहा।