ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके में 15 मोरों की मौत

Chhattisgarh Crimes

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में मोरों की मौत का सिलसिला लगातार जारी है। मुरैना के बाद अब ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके के में 15 मोरों की मौत का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। राष्ट्रीय पक्षी की मौत के पीछे शिकारियों का हाथ माना जा रहा है।

मामला पनकी वाले हनुमान मंदिर के पास का है। यहां रहने वाले लोगों ने कुछ-कुछ दूरी पर 15 मोरों के शव देखे। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने शवों को अपने कब्जे में ले लिया। जिन मोरों का शव मिला है उनमें 7 नर व 8 मादा है।

इतनी बड़ी संख्या में मोरों की मौत के पीछे शिकारियों का हाथ माना जा रहा है। आशंका जताई जा रहा है कि जहरीला दाना चुगने से ही इनकी मौत हुई है। फिलहाल सभी मोरों का पीएम कराया जा रहा है। जिसकी बाद मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा। ग़ौरतलब है कि बीते वर्ष भी इसी स्थान पर 13 मोरो की इस प्रकार ही मौत हुई थी। उस दौरान 3 शिकारियों को भी पकड़ा गया था।

आपको बता दें तकरीबन 15 दिन पहले मुरैना में 30 मोरों का शव मिला था। घटना स्थल पर वन विभाग को अनाज के दाने मिले थे। इससे माना जा रहा था कि इतनी बड़ी तादाद में मोरों की मौत के पीछे शिकारियों का हाथ है। हालांकि मामले में अभी तक किसी के भी खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।