दंतेवाड़ा। नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए दंतेवाड़ा पुलिस लोन वर्राटू अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आपरेशन घर वापसी से प्रभावित होकर 1 इनामी सहित कुल 4 मओवादियों ने दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव के सामने आत्मसमर्पण किया है।
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में एक मलांगिर एरिया कमेटी का सीएनएम कमांडर भीमा मड़काम शामिल है। उनके ऊपर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। वहीं अन्य 3 मिलिशिया सदस्यों ने भी हथियार छोड़ने का फैसला किया है। लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित हो कर अब तक 92 इनामी सहित कुल 339 माओवादी कर सरेंडर चुके है।
बता दें कि नक्सलियों ने आज भारत बंद का आव्हान किया है। भारत बंद के दौरान नक्सली जमकर उत्पात मचा रहे हैं। सुकमा और कांकेर में नक्सलियों ने पेड़ काटकर मार्ग बाधित कर दिया, जिसके चलते वैक्सीनेशन के लिए जा रही टीम फंस गई। वहीं कांकेर में मोबाइल टावर और गढ़चिरौली में वाहनों में आग लगा दी। कैंप के पास पटाखे फोड़कर जवानों को उकसाने का भी प्रयास किया।