कांग्रेस शासनकाल में 500 किसानों ने किया सुसाइड : डी पुरंदेश्वरी

Chhattisgarh Crimes

जगदलपुर। बस्तर में आयोजित भाजपा के चिंतन शिविर के दूसरे दिन छत्तीसगढ़ प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने प्रेस वार्ता ली। उन्होंने कहा कि, भाजपा छत्तीसगढ़ में साल 2023 का चुनाव CM पद के लिए किसी चेहरे के साथ नहीं बल्कि विकास के मुद्दों को लेकर लड़ेगी। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना भी साधा। डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने झूठ और धोखे को नींव बना कर सत्ता हासिल की है। इधर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व CM डॉ रमन सिंह ने कहा कि, भूपेश बघेल कहते हैं कांग्रेस ने शराबबंदी के मुद्दे को लेकर हाथ में गंगाजल ले कसम नहीं खाई थी। हम पूछ रहे हैं आखिर उन्होंने कसम किस मुद्दे को लेकर खाई थी ये बता दें?

चिंतन शिविर की शुरुआत बस्तर संभाग से करने के सवाल पर डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि, यह निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। यह हमेशा चलती रहती है। इधर इस बैठक में BJP के कई दिग्गज नेताओं को दूर रखने वाले सवाल पर उन्होंने कहा कि, हमने किसी को दूर नहीं रखा है। कई लोग चिंतन शिविर की तैयारियां करने पहुंचे थे वे भी इस शिविर का एक पार्ट है। साथ ही उन्होंने कहा कि, प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आने के लिए हर वर्ग के साथ धोखा किया है। अपने झूठे वादों में प्रदेश की जनता को फंसाया है।

डी पुरंदेश्वरी ने CM पद के ढाई-ढाई साल वाले मुद्दे पर कहा कि, जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई थी तो वादा किया गया था कि CM पद का आधा कार्यकाल भूपेश बघेल तो वहीं आधा कार्यकाल टीएस बाबा संभालेंगे। लेकिन जब इसका समय आया तो भूपेश बघेल अपना बल दिखाते हैं और कई विधायकों को दिल्ली लेकर जाते हैं। भूपेश बघेल अपने पार्टी के अलावा पूरे छत्तीसगढ़ की जनता के साथ धोखा कर रहे हैं। भाजपा भूपेश बघेल से पूछती है कि वे अपने पार्टी के लोगों को ही धोखा दे रहे हैं तो छत्तीसगढ़ की जनता को क्या न्याय देंगे?

डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि, प्रदेश में जब से कांग्रेस की सरकार आई है तब से लेकर अब तक 500 किसानों ने आत्महत्या कर ली है। जो अपने आप में एक बड़ी बात है। भूपेश बघेल कहते हैं कि मैं किसान का पुत्र हूं। किसानों को 2500 रुपए बोनस भी दे रहा हूं। छत्तीसगढ़ के किसानों को खाद और बीज की कमी का सामना करना पड़ रहा है। जो चिंता का विषय है। भाजपा ने अपने चिंतन शिविर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में इस विषय को भी रखा था। यदि भाजपा की सरकार आती है तो किसानों के हित में काम किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ के पूर्व CM डॉ रमन सिंह ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में इन दिनों बिजली का संकट व अकाल की छाया एक साथ मंडरा रही है। कांग्रेस सरकार के अंदर कुर्सी दौड़ चल रही है। मैडम जी सिटी बजाएंगी और नेता कुर्सी पर बैठ जाएंगे। कांग्रेस सत्ता के लिए किस हद तक जा सकती है ये साफ तौर पर दिख रहा है। कुछ दिन पहले कांग्रेस जो नारा लगा रही थी वो चुनौती देने वाले थे। दिल्ली से जब भूपेश बघेल रायपुर एयरपोर्ट लौटे थे उस समय कांग्रेसी कह रहे थे “छत्तीसगढ़ अड़ा है भूपेश के साथ खड़ा है।” इसके अलावा दिल्ली में भी नारे लगे “बाबा-बाबा बोल रहा है छत्तीसगढ़ डोल रहा है”। कांग्रेस पार्टी में यह एक राजनीतिक नाटक और सर्कस चल रहा है। चिंतन शिविर में हमारी चिंता बढ़ गई कि हम अब दोनों में से टारगेट किसे करें।