बोर्ड के टोल फ्री नंबर पर सैकड़ों फोन, वैज्ञानिक बनने BSC या BSC नर्सिंग करूं, फेल परीक्षार्थी पूछ रहे पास होने का जुगाड़

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा 2023 के परिणाम आने के बाद अब मंडल की हेल्पलाइन नंबर पर रोजाना पचास से अधिक फोन आ रहे हैं। परीक्षा में पास परीक्षार्थी करियर को लेकर मार्गदर्शन ले रहे हैं तो फेल और पूरक परीक्षार्थी अजीबो-गरीब प्रश्न पूछ रहे हैं। मंडल की हेल्पलाइन 18002334363 पर छात्र पूछ रहे हैं कि पास होने का कोई जुगाड़ है क्या? एक विद्यार्थी ने प्रश्न किया मैं फेल हो गया हूं। कुछ सेटिंग हो सकती है। वहीं कई उलझे हुए है परीक्षार्थी है जिन्होंने लक्ष्य तय कर लिया है लेकिन उन तक पहुंचने का रास्ता पता नहीं है। मनोवैज्ञानिक, मनोचिकित्सक और करियर काउंसलर की टीम परीक्षा परिणाम आने के बाद से परीक्षार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

गौरतलब है कि मंडल ने रिजल्ट का भय दूर करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। मंडल ने अपील की है कि अभिभावक अपने बच्चों के परिणाम को लेकर उन पर कोई दबाव नहीं बनाएं।

बच्चों के माता-पिता भी कर रहे फोन

हेल्पलाइन नंबर में छात्र के साथ उनके माता-पिता भी फोन करके समस्या का समाधान पूछ रहे हैं। आगे किस क्षेत्र में बच्चे को भेजे, किसमे ज्यादा फायदा रहेगा, कौनसे कोर्स का चुनाव करे, करियर आप्शन क्या-क्या है, इस तरह के प्रश्न अभिभावकों की ओर से पुछे जा रहे हैं। कई ऐसेे बच्चे का भी काल आ रहा है जो रिजल्ट के बाद से घर वालों के बर्ताव को लेकर बता रहे है कि घर वाले का बर्ताव रिजल्ट आने के बाद से बदल गया है। परिक्षार्थियों का मार्गदर्शन कर रही स्वाती शर्मा ने बताया कि ऐसे बच्चों को समझा रहे है लेकिन अभिभावकों को अपने बर्ताव संयंमित रखना चाहिए। रिजल्ट कैसा भी हो अपने बच्चे का सपोर्ट करना चाहिए। आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए। माशिमं से राजेन्द्र दुबे ने बताया कि अभी प्रतिदिन 50 से अधिक काल आ रहे हैं। रिजल्ट आने के बाद रोजना सौ से अधिक काल आ रहे थे। इसमें सरगुजा, जशपुर, बिलासपुर, दंतेवाड़ा कांकेर, बस्तर सहित सभी जिलों से काल आ रहे हैं।

बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने के बाद फेल और पूरक परीक्षार्थी अजीबो-गरीब प्रश्न पुछ रहे हैं। छात्र पूछ रहे हैं कि फेल हो गया हूं, पास होने का कोई जुगाड़ है क्या? इसके अलावा परीक्षार्थी शिकायत भी कर रहे हैं कि उनके अभिभावक उनके अंको की तुलना दूसरे बच्चे से कर रहे हैं। हेल्पलाइन नंबर की सुविधा इस शैक्षणिक सत्र के साथ 10 वर्ष पुराने बोर्ड परीक्षार्थी भी उठा रहे हैं। एक पूर्व परीक्षार्थी ने पूछा कि स्कूल के मार्कशीट में नाम के साथ सरनेम है लेकिन कालेज के मार्कशीट में सरनेम नहीं है। इससे समस्या हो रही है। हेल्पलाइन नंबर की सहायता से उन्हे उचित मार्गदर्शन दिया गया।

आज भी उठा सकेंगे मार्गदर्शन की सुविधा

यदि किसी विद्यार्थी के हाव-भाव में बदलाव आ रहा है या फिर उन्हे रिजल्ट से संतुष्ट न हो तो उसे मंडल की हेल्पलाइन 18002334363 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 10वीं-12वीं के सफल विद्यार्थी भी इस हेल्पलाइन नंबर पर काउंसलिंग की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इस नंबर पर पहली पाली सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.30 बजे तक मनौवैज्ञानिक, मनोचिकित्सक, करियर काउंसलर मौजूद रहेंगे।

प्रश्न : वैज्ञानिक बनना है किस कोर्स का चयन करू, बीएससी या बीएससी नर्सिंग?

उत्तर : बीएससी नर्सिग स्वास्थ्य सेवा में जाने के लिए है। अगर आपको वैज्ञानिक बनना है तो इसके लिए पहले स्नातक में बीएससी और और स्नाकोत्तर में फिल्ड के हिसाब से विषय का चयन करना होगा।

प्रश्न : कम नंबर मिले है, घर वाले नाराज है।

उत्तर : अभी भले कम नंबर मिले है लेकिन आगे और भी पढ़ाई बची है। आगे आप और भी अच्छा कर सकते है। अपने घरवालों को समझाए आगे बेहतर करेंगे।

प्रश्न: पुर्नगणना से नंबर कम तो नहीं हो जाएंगे?

उत्तर : इसका उत्तर हम नहीं बता सकते, अगर आपमें विश्वास है कि आपकों ज्यादा नंबर मिलने चाहिए तो आप निश्संकोच रिवेल के लिए आवेदन कर सकते हैं।

प्रश्न : जीवविज्ञान विषय के साथ 12वीं बोर्ड पास किया है, इसमें नौकरी को लेकर आगे क्या संभवनाएं हैं?

उत्तर : जीवविज्ञान विषय के छात्रों के लिए बहुत सारे आप्शन है। आप बीएससी कर प्रतियोगिता परीक्षा, यूपीएससी, पीएससी, रेलवे, बैंकिग की तैयारी कर सकते हैं। स्नाकोत्तर कर आप वैज्ञानिक बन सकते हैं। मेडिकल क्षेत्र में जाने के लिए आप, बीएससी नर्सिग, बी. फार्मा, पैरामेडिकल कोर्स का चुनाव कर सकते हैं।

प्रश्न : 78 प्रतिशत मिले हैं, घर वाले कह रहे हैं रिजल्ट खराब आया है। क्या करे?

उत्तर : आपने जो उत्तर लिखे थे उसी के हिसाब से आपको नंबर मिले हैं। घर वालो को समझाए अगली बार अच्छी तैयारी के साथ परीक्षा देगे और अच्छा अंक प्राप्त लेकर आएंगे।