सरगुजा जिले के डूमरडीह में वाहनों की मामूली टक्कर के बाद शुरू हुए विवाद ने सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया। फार्म हाउस में घुसकर हिंदू युवक के साथ मारपीट करने वाले मुस्लिम समुदाय के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, हिंदू समाज के लोगों ने डूमरडीह में रैली निकाली और कुछ ऑटो व गुमटी को आग लगा दी। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यह घटना धौरपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत 2 अप्रैल को हुई। धौरपुर के रोहितेश्वर प्रताप सिंह अपने घर से ककनी स्थित फार्म हाउस जा रहा था। रास्ते में नाले के पास डूमरडीह के कादिर खान की ऑटो से उसकी कार की मामूली टक्कर हो गई। इसके बाद कादिर खान फार्म हाउस पहुंचा और रोहितेश्वर से गाली गलौज की और फिर लौट आया।
फार्म हाउस में विवाद के बाद रोहितेश्वर ग्राम रवई होकर डूमरडीह हाईस्कूल के पास पहुंचा। तभी कादिर खान ने उसकी कार रोक ली। मौके पर कुछ और लोग भी आ गए। स्थिति बिगड़ने से पहले रोहितेश्वर ने अपनी कार घुमाकर जाने की कोशिश की, लेकिन कार कादिर खान की ऑटो से टकरा गई। इससे कार और ऑटो दोनों को नुकसान हुआ। इसके बाद रोहितेश्वर अपने फार्म हाउस, ग्राम ककनी लौट आया।
कुछ देर बाद कादिर खान अपने साथियों मोहम्मद खान, हयात खान, अल्ताफ खान, फरहान खान और अन्य लोगों के साथ फार्म हाउस में घुस गया। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए रोहितेश्वर से मारपीट शुरू कर दी। फार्म हाउस के कर्मचारी बीच-बचाव करने लगे तो सभी वहां से भाग गए। लौटते समय आरोपियों ने डंडे और पत्थरों से रोहितेश्वर की कार को भी नुकसान पहुंचाया।
आरोपियों ने धार्मिक नारे भी लगाए
कथित रूप से मुस्लिम समाज के युवकों ने घटना के दौरान धार्मिक नारे भी लगाए। इस मामले की रिपोर्ट 4 अप्रैल को धौरपुर थाने में दर्ज कराई गई।
रविवार सुबह पुलिस ने डूमरडीह में छापेमारी कर सभी पांच नामजद आरोपियों कादिर खान (40), फरहान खान (26), अल्ताफ खान (40), हयात खान (42) और मोहम्मद खान (30) को गिरफ्तार कर लिया। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इनके खिलाफ धारा 126(2), 191(1), 333, 296, 351(3), 115(2) और 324(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
रैली निकाली, ऑटो और गुमटी में लगाई आग
रविवार दोपहर, घटना के बाद हिंदू समाज के युवकों ने बड़ी संख्या में रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति की ऑटो और गुमटी में आग लगा दी। एक बस में भी तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि इस दौरान मुस्लिम समुदाय के खिलाफ नारे भी लगाए गए।
घटना के बाद तनाव की स्थिति बन गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 190, 191(2), 299, 326(एफ), 326(जी) के तहत अपराध दर्ज किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
फोर्स तैनात, एसपी बोले- हालात काबू में
डूमरडीह में तनाव को देखते हुए अंबिकापुर पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल गांव में तैनात किया गया है। सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि पहले दर्ज एफआईआर में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गांव की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है, और ऐहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।