राजनांदगांव जिले में पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी के एक हाईटेक ऑनलाइन रैकेट का भंडाफोड़ किया है। बसंतपुर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मोहारा नाला के पास कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस दौरान लैपटॉप, मोबाइल, सट्टा पट्टी और अन्य सामान सहित करीब 5.50 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में सटोरियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और सीएसपी वैशाली जैन के मार्गदर्शन में गठित टीम को मोहारा (बजरंग नगर) स्थित एक फार्महाउस पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन दांव लगाए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दबिश दी गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपी “सांई ऐप” का इस्तेमाल कर क्रिकेट मैच की हर गेंद और हर ओवर पर लाखों रुपए का दांव लगवा रहे थे। जांच में सामने आया कि आरोपी हिसाब-किताब रखने के लिए कोड भाषा का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने मौके से दो लैपटॉप, एक टैब, सात टच स्क्रीन मोबाइल, एक बाइक और सट्टा पट्टी में दर्ज 9.20 लाख रुपए का हिसाब-किताब जब्त किया।
5 सटोरिए गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस ने मोहारा और प्रभातनगर क्षेत्र के 5 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। इनमें वीरू प्रजापति (24), रूपेश पांडे (43), आयुष मेश्राम (24), मोहित देवांगन (23) और लक्की उर्फ नरेंद्र देवांगन (32) शामिल हैं। इस मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपी, मोहारा निवासी मूलचंद देवांगन और नागपुर निवासी सादिक खान, फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 (संगठित अपराध) और धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) भी लगाई है। इसका उद्देश्य सट्टेबाजी के इस संगठित तंत्र को जड़ से खत्म करना है।
राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सटोरियों की सूची तैयार है और आने वाले दिनों में आईपीएल के दौरान ऐसी कई और बड़ी कार्रवाइयां देखने को मिलेंगी।