छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथी के एक शावक का शव जंगल में मिला

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथी के एक शावक का शव जंगल में मिला है। सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया गया। फिलहाल शावक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। मामला लैलूंगा वन परिक्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह हाथी मित्र दल के सदस्य चिल्कागुड़ा और अंडोडेरा क्षेत्र में हाथियों की ट्रैकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कक्ष क्रमांक 176 RF में एक शावक का शव पड़ा मिला। मामले की सूचना मिलते ही एसडीओ, रेंजर समेत वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

शव पर नहीं मिले चोट के निशान, सैंपल लैब भेजा

शुरुआती जांच में शावक के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। अब सैंपल को जांच के लिए बरेली लैब भेजा गया है, जिससे असली वजह का पता लगाया जा सके।

13 हाथियों के दल के साथ था शावक

बताया जा रहा है कि, लैलूंगा रेंज में 13 हाथियों का एक दल विचरण कर रहा है, जिसमें 4-5 शावक भी शामिल हैं। मृत शावक इसी दल का हिस्सा था और उसकी उम्र लगभग 1 माह से कम बताई जा रही है।

इंफेक्शन की आशंका, जांच जारी

लैलूंगा सबडिविजन के एसडीओ एमएल सिदार के अनुसार, अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक तौर पर किसी इंफेक्शन की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।