सक्ती जिले में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर पर महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, गर्भपात कराने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (SP) और आईजी से की है। महिला का यह भी आरोप है कि पहले भी कई बार शिकायत के बावजूद आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है, बल्कि उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब तीन साल पहले आरोपी सब-इंस्पेक्टर कमल मैरिषा ने उससे सोशल मीडिया (फेसबुक) के ज़रिये संपर्क किया। इसके बाद दोनों के बीच मैसेज, कॉल और ऑडियो-वीडियो के जरिए लगातार बातचीत होने लगी। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताया था और कहा था कि उसका दंतेवाड़ा से सक्ती ट्रांसफर हुआ है।
महिला को उसकी बेटी को अपनाने का झांसा दिया
पीड़िता का आरोप है कि सब-इंस्पेक्टर ने उसकी पारिवारिक स्थिति का लाभ उठाया। उसने महिला और उसकी बेटी को अपनाने का भरोसा दिलाया और संबंध बनाया। महिला के ने बताया, जब उसका पति घर में नहीं होता था तब आरोपी उसके घर आकर कई बार संबंध बनाता रहा। जनवरी 2024 में महिला गर्भवती हो गई थी। उसने खरसिया में सोनोग्राफी कराई थी और इसका वीडियो आरोपी को भेजा था।
बिना बताए महिला की खिलाए एबॉर्शन की दवा
महिला के मुताबिक, आरोपी ने उसे बिना बताए दवाएं दीं, जिससे उसका गर्भपात हो गया। इसके बाद भी सब-इंस्पेक्टर उससे संबंध बनाता रहा। इसी दौरान एक दिन एक महिला का फोन आया, जिसने खुद को आरोपी की पत्नी बताया और उनके एक बच्चा होने की जानकारी दी।
यह जानकर पीड़िता मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने आत्महत्या के प्रयास में कृषि दवा का सेवन कर लिया। बाद में आरोपी उसे मालखरौदा स्वास्थ्य केंद्र ले गया, जहां उसका इलाज हुआ।
आरोपी ने पीड़िता को झूठा भरोसा दिलाया
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने फिर से उसे भरोसा दिलाया कि उसका पत्नी से संबंध ठीक नहीं है और वह उसे और उसकी बेटी को अपनाएगा। लेकिन बाद में आरोपी उससे दूरी बनाने लगा। इस पर महिला ने 29 जनवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई, जिसकी जांच एसडीओपी सक्ती को सौंपी गई
बयान दिया तो फोटो वीडियो वायरल कर दूंगा:आरोपी
महिला का आरोप है कि 28 मार्च 2026 को एसडीओपी कार्यालय के सामने आरोपी ने उसे आपत्तिजनक फोटो और वीडियो दिखाकर धमकाया कि यदि उसने बयान दिया तो वह उन्हें वायरल कर देगा और झूठे केस में फंसा देगा। वर्दी का रौब दिखाकर आरोपी ने महिला पर दबाव बनाया और उससे शिकायत वापस लेने का लिखित बयान भी ले लिया।
पीड़िता का कहना है कि शिकायत वापस लेने के बाद भी आरोपी उसे लगातार धमकी दे रहा है कि वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। महिला ने एसपी से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी, गर्भपात कराने और ब्लैकमेलिंग के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मामले के संबंध मे पुलिस से जानकारी लेने के लिए हमने एडिशनल एसपी पंकज पटेल से बात करने के लिए फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
SI बोले- आरोप झूठे
इस संबंध मे उप निरीक्षक कमल मैरीशा ने कहा कि मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप झूठे है, महिला और उसका पति मिलकर मुझसे पैसे की मांग कर रहे थे, पैसा नही देने पर मेरे खिलाफ शिकायत कर रहे है।